गया: बिहार के गया सिविल कोर्ट के आदेश पर दो पुलिस अधिकारियों व पुलिस जवानों के विरुद्ध बड़ी करवाई हुई है. दो अधिकारी समेत 10 पुलिस कर्मियों के खिलाफ एससी एसटी थाना में केस दर्ज हुआ है. मामला जिले के टिकारी अनुमंडल के पंचानपुर क्षेत्र का है. पंचानपुर थाना में तैनात रहे तत्कालीन थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार, दरोगा चतुरानंद पांडे समेत 10 जवानों के विरुद्ध कार्रवाई हुई. इसके अलावे 30 अज्ञात पर भी केस दर्ज हुआ है.
पीड़िता के बयान पर केस दर्ज: पंचानपुर थाना के चैनपुरा गांव की एक 63 वर्षीय महिला के बयान पर कोर्ट ने एक्शन लिया. महिला ने कोर्ट को बताया कि 2 साल पहले 17 अक्टूबर 2024 की रात 11:30 बजे थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार और अन्य पुलिसकर्मी उनके बेटे की तलाश में घर पहुंचे थे. तलाशी के दौरान परिवार के लोगों ने पुलिसकर्मियों से कहा था कि उनका बेटा घर पर नहीं है, लेकिन पुलिसकर्मी नहीं माने.
कपड़े फाड़े, हत्या की कोशिश: मना करने के बावजूद पुलिस कर्मियों ने घर का दरवाजा तोड़ दिया. घर में मौजूद महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट की. पुलिस पर यह भी आरोप है कि उसने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार की थी. कपड़े फाड़े गए और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग के साथ जान से मारने की कोशिश की गई.
हिरासत में लेकर पिटाई करने का आरोप: पीड़ित पक्ष का कहना है कि उस रात पुलिस ने उनके परिवार पर अत्याचार की सारी हदें पार कर दी थी. तीन बेटों को पुलिस थाना ले गई थी. जहां, उनके साथ मारपीट की गई. एक बेटा राजनंदन पासवान को गला दबाकर जान मारने की कोशिश भी हुई थी.
दोनों पुलिस अधिकारियों का तबादला: जिन पुलिस अधिकारियों पर केस दर्ज हुआ है, वह वर्तमान में दूसरे जिले में तैनात हैं. कुछ महीना पहले ही इनका तबादला हो चुका है था. पंचानपुर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार वर्तमान में अरवल जिले में पदस्थापित हैं. दारोगा चतुरानंद पांडे वर्तमान में दरभंगा जिले में तैनात हैं, जबकि अन्य पुलिसकर्मी भी दूसरे थाने में हैं. एससी एसटी थानाध्यक्ष कमलेश राम ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर 7 मई को केस दर्ज हुआ है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
“मामला 17 अक्टूबर 2024 का है. न्यायालय ने इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था. पंचानपुर थाना के तत्कालीन थाना अध्यक्ष कन्हैया कुमार, दारोगा चतुरानंद पांडे, शशि रंजन कुमार, नगीना उरांव, रिमझिम कुमारी, बबलू चौधरी, विजय कुमार, प्रीति कुमारी, नेहल भारती वरुण कुमार पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप है.” -कमलेश राम, थानाध्यक्ष, एससी एसटी