राबड़ी आवास पर नहीं होगा छठ, खगड़िया में पुलिस पर शराब धंधेबाजों का हमला; कई जवान घायल

Chhath will not be celebrated at Rabri residence, liquor businessmen attack on police in Khagaria; many soldiers injured
Chhath will not be celebrated at Rabri residence, liquor businessmen attack on police in Khagaria; many soldiers injured
इस खबर को शेयर करें

पटना: बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की नहाय खाय के साथ आज से शुरुआत हो गई है।इस बीच खबर है कि पूर्व सीएम राबड़ी देेवी के आवास पर इस साल छठ पर्व का आयोजन नहीं होगा। खगड़िया के गोगरी में शराब धंधेबाज के यहां छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ, जिसमें कई जवान जख्मी हो गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों को छठपर्व की शुभकामनाएं दी हैं। बीपीएससी शिक्षक बहाली के दूसरे चरण के लिए आवेदन का आज आखिरी दिन है। 19 और 20 अक्टूबर को स्कूलों में छठ की छुट्टी रहेगी, शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। बीपीएससी ने 59 शिक्षक अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र की गलत जानकारी देने के आरोप में 5 साल तक परीक्षा से वंचित कर दिया है। शुक्रवार 17 नवंबर 2023 को बिहार की बड़ी खबरें यहां पढ़ें-

इसबार पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर छठ पूजा का आयोजन नहीं होगा। पटना से बाहर की व्यस्तता के कारण छठ महापर्व का आयोजन यहां नहीं हो रहा है। गौर करने लायक है कि शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ ही छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव गुरुवार को ही कोलकाता रवाना हो गए जबकि, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव की पत्नी राजश्री भी कोलकाता में ही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि राबड़ी आवास पर साल छठ पर्व का आयोजन नहीं होगा।

शिक्षा विभाग ने राज्य के तीन जिलों सीवान, सारण और समस्तीपुर के डीईओ और डीपीओ को निंदा की सजा दी है। इन सभी से विभाग ने स्पष्टीकरण पूछा था कि क्यो न आपको निंदा की सजा दी जाये। वाजिब जवाब नहीं मिलने के बाद विभाग ने सजा की घोषणा कर दी है। विभाग ने कहा है कि एक ही विद्यालय में रिक्त से अधिक शिक्षकों के पदस्थापन हो गया है, जो गंभीर लापरवाही और आदेश के उल्लंघन का द्योतक है। इस कारण इनसभी को सजा दी गई है।

चुनावी रणनीतिकार और जन सुराज पदयात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर बड़ा निशाना साधा है। इन दोनों पर 32 सालों तक बिहार में सत्ता पर काबिज रहते हुए गरीबों और वंचितों के साथ हमारी करने का आरोप लगाया है। पीके ने कहा है कि सर्वे के आधार पर यही लोग बताते हैं कि बिहार में अभी भी 20% लोग झोपड़ी में रहते हैं। तो यह भी बताना चाहिए कि जब सत्ता की कुर्सी पर यही दोनों थे तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है।  लोक आस्था के महापर्व छठ का आगाज हो गया है। पहले दिन शुक्रवार को नहाय खाय के दिन छठ घाटों पर भारी भीड़ उमड़ी। भगवान भास्कर को कद्दू भात का भोग लगाया जा रहा है। चार दिवसीय छठ पर्व 20 नवंबर तक चलेगा। राज्य में चार हजार से ज्यादा घाट बनाए गए हैं। घाटों पर शौचालय, पेयजल, रौशनी की सुविधा दी गई है।

जिले के गोगरी थाना इलाके के उसरी गांव में गुरुवार देर रात छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर शराब धंधेबाजों ने हमला कर दिया। पुलिस पर धंधेबाजों के परिजन ने पथराव किया। इस हमले में कई जवानों के जख्मी होने की सूचना है। पुलिस ने कारोबारी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। उनके घर से देसी महुआ शराब भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी का नाम आशुतोष यादव और उसकी पत्नी भारती देवी है।

शिक्षक नियुक्ति परीक्षा के दूसरे चरण में शामिल होने के लिए पंजीयन और शुल्क जमा करने की तिथि नहीं बढ़ेगी। इसकी अंतिम तिथि शुक्रवार यानी 17 नवंबर तक ही है। बिहार लोक सेवा आयोग ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी साझा की है। शिक्षक नियुक्ति के लिए आवेदन फॉर्म 25 नवंबर तक जमा करना है। आयोग के सचिव रवि भूषण ने बताया कि अब तक 5 लाख 36 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया है। वहीं पांच लाख तीन हजार ने शुल्क जमा कर दिया है जबकि दो लाख 73 हजार ने परीक्षा फॉर्म भरा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा कि यह आत्मानुशासन का पर्व है। लोग शुद्ध अन्तःकरण एवं निर्मल मन से अस्ताचल और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। भगवान भास्कर से राज्य में प्रगति, सुख, समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना है।

जिले के लक्ष्मीपुर में झाझा-कोहबरवा रोड स्थित जिनहरा बाजार में एक बाइक सवार को ट्रक ने रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का नाम सचिन तुरी पिता अरविंद तुरी साकिन जिनहरा बताया जा रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ रोड जाम कर दिया है। साथ ही ट्रक लेकर भाग रहे ड्राइवर को दबोच लिया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने बीपीएससी शिक्षक बहाली की पोस्टिंग में घोटाले के आरोप लगाए हैं। मांझी ने इसे लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीपीएससी से नियुक्त बिहार के शिक्षकों को गांवों में पोस्टिंग दी जा रही है। मगर बाहरी शिक्षकों से मोटा माल लेकर उन्हें शहरों में नियुक्ति दी जा रही है। पूरी खबर पढ़ें।

पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार खंडेलवाल ने कहा कि पर्व में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए 1771 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है। इसमें से कई ट्रेनें चल रही है और कई ट्रेनों को छठ पर्व के बाद यात्रियों के लौटने के लिए चलाया जाएगा। वापसी के दौरान यदि और ट्रेनों की जरूरत पड़ी तो उसे चलाया जाएगा। रैक की कोई कमी नहीं है, जरूरत के मुताबिक दिल्ली से मंगाया जाएगा।