सीएम योगी ने किया यूपी के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई दौरा

इस खबर को शेयर करें

औरैया। यमुना नदी में बाढ़ से प्रभावित गांवों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साेमवार को हवाई सर्वेक्षण किया। इटावा और औरैया समेत उन्होंने बुंदेलखंड के जिलों का भी जायजा लिया। रविवार देर रात कार्यक्रम जारी होने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर था। राजकीय हेलीकाप्टर से वह गैस अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड दिबियापुर पहुंचे थे। यहां बने हेलीपैड पर हेलीकाप्टर की लैंडिंग के बाद वह कार से ककोर मुख्यालय के लिए रवाना हो गए। सीएम ने अजीतमल व सदर तहसील के आधा दर्जन से ज्यादा बाढ़ प्रभावित गांव का हवाई सर्वेक्षण किया। गेल में वह अपराह्न 3.50 बजे पहुंचे थे। पूर्व जारी कार्यक्रम के तहत हेलीकाप्टर की लैंडिंग दोपहर 2.50 बजे होनी थी। लेकिन, खराब मौसम की वजह से समय में परिवर्तन रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हवाई दौरे को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड पर रहे। ककोर मुख्यालय के लिए मुख्यमंत्री कार से रवाना हो गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की धड़कनें यहां बढ़ी हुई थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुख्यालय में मुलाकात करते हुए उन्हें राहत सामग्री देने के बाद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक शुरू की। बैठक अपराह्न 3.52 बजे शुरू हो सकी थी। प्रोटोकॉल के तहत प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हवाई सर्वेक्षण औरैया के बाद पड़ोसी जनपद इटावा में होना है।

जिले में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर डीएम सुनील कुमार वर्मा ने अधिकारियों के साथ ही सदर व अजीतमल तहसील अमले की पूरी टीम को सजग किया। कलेक्ट्रेट के सभागार में रविवार रात करीब 10 बजे डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक ली थी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की कड़ी किलेबंदी की गई है।