हिमाचल में कांग्रेस की मेजर सर्जरी की तैयारी:सोनिया गांधी ने दिल्ली तलब किए सभी आला नेता

इस खबर को शेयर करें

हिमाचल कांग्रेस में आने वाले दिनों में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते है। विधानसभा चुनाव जीतने के नाम पर इस बदलाव के लिए ताना-बाना बुना जा रहा है। इधर, हिमाचल में कई युवा चेहरे कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो रहे हैं। कईयों के अभी और जाने का अंदेशा है। इस खतरे को भांपते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हिमाचल कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व दिल्ली तलब कर दिया है।

दिल्ली में आज दोपहर बाद प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करके सोनिया गांधी मेजर सर्जरी कर सकती हैं और सभी कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने के टिप्स देंगी। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में कोई भी कांग्रेस का कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर न जाएं। इसके लिए संगठन में कुछ फेरबदल किए जा सकते हैं।

इन तीन बिन्दुओं पर चर्चा

सूत्रों की माने तो दिल्ली में आज नए कांग्रेस अध्यक्ष, नए नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस चुनाव प्रभार समिति का अध्यक्ष किसी एक नेता को बनाने पर चर्चा होगी। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का कार्यकाल पूरा हो गया है। उप चुनाव में 4-0 से शानदार जीत के बाद माना जा रहा था कि कुलदीप राठौर को शायद इस बार प्रस्तावित विधानसभा चुनाव तक न बदला जाए, लेकिन कांग्रेस का एक धड़ा उन्हें पार्टी अध्यक्ष पद से हटाने की कोशिशें कर रहा है। इस पर अंतिम फैसला सोनिया गांधी करेगी।

वहीं कुछ लोग, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपना चाहते हैं। यदि उन्हें अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाती है तो सोनिया गांधी को यह निर्णय करना है कि नया नेता प्रतिपक्ष किसे बनाया जाए। इसी तरह हाल ही जिस तरह के नतीजे पांच प्रदेशों के चुनाव में आएं है,उससे हतोत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता हिमाचल के विधानसभा चुनाव में कोई जोखिम नहीं लेना चाहते हैं। इसके लिए किसी एक वरिष्ठ नेता को कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

इन नेताओं को बुलाया गया दिल्ली

सोनिया गांधी ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, सांसद प्रतिभा सिंह, आशा कुमारी, पूर्व अध्यक्ष व विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पूर्व अध्यक्ष एवं मंत्री ठाकुर कौल सिंह, सुधीर शर्मा, हर्ष वर्धन, रामलाल ठाकुर, कर्नल धनीराम शांडिल इत्यादि नेता को दिल्ली तलब किया हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ आज होने वाली इस बैठक में कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त, तजेंद्र पाल सिंह, गुरकीरत कोटली भी मौजूद रहेंगे।