हिमाचल में विधायकों को लेकर कांग्रेस बेचैन, बचाने के लिये उठाया ये कदम

Congress restless about MLAs in Himachal, took this step to save them
Congress restless about MLAs in Himachal, took this step to save them
इस खबर को शेयर करें

शिमला। हिमाचल प्रदेश में अब तक के रुझानों में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। इसके लिए सभी विधायकों को जीत के बाद तुरंत बाद कांग्रेस दफ्तर आने को कहा गया है। वहां से इन्हें अभी चंडीगढ़ ले जाने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस चुनाव जीतने वाले अपने सभी विधायकों को प्रदेश से बाहर दूसरे राज्यों में ले जा सकती है, ताकि इन्हें भाजपा नेताओं के संपर्क से दूर रखा जा सके।

विधायकों को छत्तीसगढ़ या राजस्थान भेजा जा सकता है। ऐसी खबर है कि रायपुर के मेफेयर रिसॉर्ट को भी बुक कर लिया गया है। हालांकि अभी तक इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पार्टी सूत्रों की मानें तो हाईकमान ने छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हिमाचल का ऑब्जर्वर बनाया है। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ दोनों नेता शिमला जाएंगे।

कांग्रेस महासचिव विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि BJP गड़बड़ पार्टी है, लेकिन हमने गलतियों से काफी कुछ सीखा है। प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री चेहरा हैं। इससे पहले विधायक दल में चर्चा होगी। अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान लेगा।

बघेल ने कहा- BJP कुछ भी कर सकती है
छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल ने हिमाचल के नवनिर्वाचित विधायकों को रायपुर लाने के सवाल पर कहा कि यहां तो नहीं लाएंगे, लेकिन अपने साथियों को संभाल कर जरूर रखेंगे, क्योंकि BJP कुछ भी कर सकती है।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल थोड़ी देर बाद रायपुर से चंडीगढ़ रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि दोपहर में उनकी फ्लाइट है। एयरपोर्ट से वे सीधे होटल रेडिसन जाएंगे। वहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ हिमाचल की स्थिति को लेकर रणनीतिक चर्चा होगी। जरूरत महसूस हुई तो वे शिमला के लिए भी रवाना हो जाएंगे। वहां कांग्रेस विधायक दल को एकजुट रखना अभी पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। राजीव शुक्ला और दूसरे प्रमुख नेता दिल्ली में पहले ही मोर्चा संभाल चुके हैं।

कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि फिलहाल भूपेश बघेल, भूपेंद्र हुड्‌डा और मैं चंडीगढ़ जा रहे हैं। वहां जाकर देखेंगे कि विधायकों को शिमला बुलाना है या चंडीगढ़। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है। हमें अपने साथियों को संभालकर रखना है।

हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। रुझानों में एक बार फिर पहाड़ का राज बदलता दिखा, रिवाज नहीं। यानी 5 साल के बाद सरकार बदलने का सिलसिला इस बार भी नजर आ रहा है। कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

गुजरात में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करती दिखाई दे रही है। काउंटिंग के रुझानों के मुताबिक भाजपा 182 में से 62 सीटें जीत चुकी है और 96 पर आगे है। रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो भाजपा 1985 में कांग्रेस की 149 सीटें जीतने का रिकॉर्ड तोड़ देगी।

प्रधानमंत्री मोदी के गांव वडनगर और गृहमंत्री अमित शाह के गांव मानसा में इस बार कमल खिलना तय है। दोनों ही जगह पिछली बार कांग्रेस जीती थी, लेकिन इस बार वडनगर और मानसा के लिए BJP ने अलग रणनीति बनाई थी।