मशहूर एक्टर ने कहा दुनिया को अलविदा, कैंसर से हुई मौत

इस खबर को शेयर करें

Actor Ravindra Berde Passed Away: सिनेमा की दुनिया में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार फिल्मी सितारों के दुनिया को अलविदा कहने की खबर सामने आ रही है। आज मराठी फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज मराठी अभिनेता रवींद्र बेर्डे का निधन (Actor Ravindra Berde Passed Away) हो गया है। उन्होंने 78 की उम्र में अंतिम सांस ली। खबर है कि अभिनेता पिछले काफी समय से गले के कैंसर से जूझ रहे थे। रवींद्र बेर्डे ने मराठी सिनेमा की दुनिया में अपनी अलग ही पहचान बनाई थी। इसके अलावा वह लक्ष्मीकांत बेर्डे के भाई थे। कैंसर के चलते अभिनेता का इलाज टाटा अस्पताल में चल रहा था।

कॉमेडी के लिए थे मशहूर

जानकारी के अनुसार अभिनेता को दो दिन पहले ही अस्पताल से घर लेकर जाया गया था। घर आने के बाद अचानक उनको दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी, दो बच्चे, बहू और पोते हैं। रवींद्र बेर्डे ने मराठी फिल्म इंडस्ट्री के बादशाह लक्ष्मीकांत बेर्डे के साथ कई फिल्मों में काम किया और दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। रवीन्द्र की कॉमेडी भूमिकाएं बहुत लोकप्रिय थीं।

2011 में हुआ था कैंसर

दरअसल, साल 1995 में ‘विशाखा आ वल्ली’ नाटक के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, लेकिन तब वह इससे उबर गए। 2011 में उन्हें गले के कैंसर का पता चला, तब से लेकर आज तक वह अभिनेता इस बीमारी से लड़ रहे थे, लेकिन आज उनकी यह लड़ाई नाकाम हो गई और आखिरकार उन्होंने जिंदगी का साथ छोड़ दिया।

सिंघम में भी आए नजर

रवींद्र बेर्डे की फिल्मों के बारे में बात करें तो उन्होंने एक गाड़ी बाकी अनाड़ी, भग्गर, हवान जौ दे, हमाल दे धमाल, चंगु मंगू, थरथराट, उचिला रे उचिला, धड़ाकेबाज, गमत जम्मत, झपटलेला, भुटाची स्कूल, हच सुनबाई जैसी लोकप्रिय फिल्मों में अभिनय किया है। इसके अलावा हिंदी में उन्होंने सिंघम जैसी सुपरहिट फिल्म में अहम भूमिका निभाई।