मध्यप्रदेश में प्रेमिका ने किया ब्रेकअप, तो प्रेमी ने बीच सड़क निर्वस्त्र कर बेंत से पीटा

इस खबर को शेयर करें

मध्य प्रदेश के झाबुआ में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना घटी है। छह लोगों ने 28 साल की महिला की बीच सड़क निर्वस्त्र करके बुरी तरह पिटाई कर दी। महिला का कसूर इतना था कि उसने अपने लिवइन पार्टनर से ब्रेकअप कर लिया था। इसके बाद वह अपने पति के पास लौट आई थी। पति ने भी उसे स्वीकार कर लिया था लेकिन इससे प्रेमी भड़क गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

महिला पिछले आठ महीने से मुख्य आरोपी के साथ रिलेशनशिप में थी लेकिन बुधवार को उसने उससे ब्रेकअप (रिश्ता खत्म) कर लिया। झाबुआ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद तिवारी ने कहा, ‘महिला ने कहा कि मुकेश उसे प्रताड़ित करता था इसलिए वह अपने पति के घर लौट आई। उसके पति ने उसे स्वीकार कर लिया लेकिन मुकेश ने आकर हंगामा शुरू कर दिया। उसने उसके कपड़े फाड़ दिए और बेंत से उसकी पिटाई कर दी। पुलिस अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।’

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें मुकेश और अन्य लोगों को महिला के कपड़े फाड़ते और बेंत से बीच सड़क पर पीटते हुए देखा जा सकता है। अंतत: ग्रामीणों ने महिला को बचाने के लिए हस्तक्षेप किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद, पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया और पांच लोगों के खिलाफ धारा 323, 147, 354 और 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मुख्य आरोपी मुकेश कटारा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।