यूपी में भीषण हादसा: 100 की रफ्तार पर दौड़ती कार खंबे से टकराई, पांचों की मौत

Horrific accident in UP: Car running at 100 speed collides with pole, five killed
Horrific accident in UP: Car running at 100 speed collides with pole, five killed
इस खबर को शेयर करें

प्रयागराज। प्रयागराज शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर हंडिया में वाराणसी फोरलेन हाइवे पर टवेरा कार दुर्घटनाग्रस्त होने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं, नौ माह का बच्चा ओजस और 12 साल की बालिका है। पुलिस का कहना है कि कार ड्राइवर को झपकी आने से यह अनहोनी हुई।

यह परिवार प्रयागराज में सोरांव इलाके के शिवगढ़ सराय लाल से नौ माह के बच्चे ओजस का मुंडन कराने विंध्याचल धाम जा रहा था। सुबह करीब साढ़े छह बजे तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई जिससे मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई। बाद में इलाज के दौरान 12 साल की गोटू उर्फ न्यासा पुत्री रमेश अग्रहरी की अस्पताल में सांस थम गई। घायल चार लोगों का इलाज हो रहा है।

बच्चे समेत, दादी, तीन ताई और चचेरी बहन की गई जान

मृतकों में बच्चे के साथ ही उसकी दादी, तीन ताई (चाची) और चचेरी बहन हैं। बच्चे के माता-पिता भी जख्मी हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस हादसे की खबर पीड़ित परिवार को मिली तो कोहराम मच गया। गांव के लोग घर के बाहर एकत्र हो गए। रिश्तेदार भी आ गए। वे दुखी परिवार को सांत्वना देने का प्रयास करने लगे।

सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ ही करीब साढ़े नौ बजे आईजी रेंज प्रयागराज राकेश सिंह भी पहुंचे। उन्होंने पुलिस से दुर्घटना का ब्यौरा लिया।

खबर पाकर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला तो पता चला कि कई लोगों की जान चली गई है। सभी शवों को एसआरएन अस्पताल के चीरघर में रखकर परिवार को सूचना दी गई।

मृतकों में यह हैं शामिल

1.रेखा पत्नी संजय अग्रहरी उम्र 45 वर्ष

2.रेखा पत्नी रमेश अग्रहरी उम्र 32 वर्ष

3.कृष्णा देवी पत्नी स्व. श्यामलाल उम्र 70 वर्ष

4.कविता पत्नी स्व. दिनेश उम्र 36 वर्ष

5. नौ माह का बच्चा ओजस पुत्र उमेश अग्रहरी

6. गोटू पुत्री रमेश अग्रहरी उम्र 12 वर्ष

घायल हुए लोग

1. उमेश अग्रहरी पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल उम्र 33 वर्ष

2. प्रिया पत्नी उमेश अग्रहरी उम्र 30 वर्ष

3. ऋषभ पुत्र राम सजीवन अग्रहरी उम्र 26 वर्ष

4. कार ड्राइवर इरशाद 35 वर्ष

ये सभी पुराना शिवगढ़ के रहने हैं। सभी घायलों को सीएचसी उपरदहा में प्राथमिक उपचार के बाद शहर में एसआरएन अस्पताल ले जाया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही प्रयागराज के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। साथ ही घायलों का समुचित इलाज कराने के लिए कहा।

सीएम योगी के निर्देश पर प्रयागराज का प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। आइजी घटनास्थल पर पहुंचे तो डीएम संजय कुमार खत्री ने पुलिस अधिकारियों के साथ एसआरएन अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना। प्राचार्य डा. एसपी सिंह से घायलों की जानकारी लेने के साथ ही समुचित इलाज के लिए कहा।