अभी-अभी: हरियाणा में मौसम विभाग की चेतावनी जारी, अगले 24 घंटों में जिलों में…

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। हरियाणा में लंबे समय बाद सक्रिय हुआ मानसून शनिवार को भी जमकर बरसा। दिल्ली एनसीआर के जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। सोनीपत में शनिवार शाम पांच बजे तक 108 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, फरीदाबाद तहसील में 24 घंटे में 119 एमएम बारिश हुई।

बारिश के कारण दिल्ली सदर बाजार के पास पैनल में तकनीकी खराबी आ गई। जिसकी वजह से दिल्ली की ओर जाने वाली छह एक्सप्रेस व एक पैसेंजर ट्रेन रद्द हो गई। इस कारण सोनीपत में दिल्ली जाने वाले रेलयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोनीपत में भारी बारिश के चलते ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से निकासी व्यवस्था ठप हो गई। शहर की सड़कों व गलियों में चार फुट तक पानी भर गया।

इधर, प्रदेश में लगातार दो दिन से हो रही बारिश से तापमान में करीब छह से सात डिग्री की गिरावट आई है। इससे लोगों को गर्मी से निजात मिल गई है। दिल्ली के आईटीओ फ्लाईओवर पर हरियाणा रोडवेज की दो बसें खराब होने से यात्रियों का परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 23 अगस्त तक अच्छी बारिश के आसार हैं।

अब तक 15 फीसदी अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में 13.5 एमएम औसत बारिश हुई। वहीं एक जून से 21 अगस्त तक प्रदेश में 363.6 एमएम औसत बारिश हो चुकी है जो 15 फीसदी अधिक है। इस अवधि में 316.8 एमएम बारिश होती है। शनिवार शाम पांच बजे तक सोनीपत के राई में 173, सोनीपत शहर में 108, गन्नौर में 81, गोहाना में 40 में खरखौदा 98 और खानपुर कलां में 56 एमएम बारिश दर्ज की गई।