नीतीश कुमार ने दी इन जिलों को बड़ी सौगात, यहां देखें विस्तार से

Nitish Kumar gave a big gift to these districts, see here in detail
Nitish Kumar gave a big gift to these districts, see here in detail
इस खबर को शेयर करें

गया: भगवान शिव के सिर से उतरीं पतित पावनी गंगा खुद चलकर भगवान विष्णु के चरणों में बसे गयाजी और भगवान बुद्ध की नगरी बोधगया तक पहुंचीं, तो स्थानीय लोगों के लिए यह सपने जैसा ही था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जल संसाधन मंत्री संजय झा ने गया और बोधगया में गंगा जल आपूर्ति योजना का शुभारंभ सोमवार को किया।

लाखों लोगों की बुझेगी प्यास
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से दो प्रमुख शहरों गया और बोधगया के लाखों लोगों की प्यास अब गंगा के पवित्र जल से बुझेगी। हिंदू और बौद्ध समुदाय के बड़े तीर्थों में शुमार इन शहरों में अब गंगा और फल्गु नदी का संगम हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जल संसाधन मंत्री संजय झा की मौजूदगी में गया के मानपुर में गंगा जल शोधन और आपूर्ति केंद्र का उद्घाटन किया।

बौद्ध भिक्षु और जीविका दीदियां हुईं शामिल
कार्यक्रम के आखिर में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसी के साथ मुख्य समारोह संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बड़ी तादाद में बौद्ध भिक्षु और जीविका की दीदियां भी शामिल हुईं।

युवाओं को नौकरी देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध – नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं के लिए नौकरी उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। सरकार प्रयास करेगी कि यहां के लोगों को बिहार के साथ ही बाहर भी खूब नौकरियां और रोजगार मिले।

झगड़ा लगाने वालों के चक्कर में मत पड़ें
नीतीश कुमार ने कहा कि आपस में झगड़ा मत कीजिए। सौहार्द बनाकर रखिए। कुछ लोग माहौल बिगाड़ने में लगे रहते हैं। उनके चक्कर में मत पड़िए। बिहार ऐतिहासिक धरती है। बिहार के सबसे पुराने स्थलों में गया और राजगीर जैसे शहर हैं।

योजना का लाभ सभी को मिले
नीतीश कुमार ने जीतन राम मांझी की मांग की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक – एक चीज पर काम हो ही रहा है। सभी लोगों को देखना चाहिए कि योजना का लाभ सही तरीके से लोगों को मिले।

सभी धर्मों के लिए समान रूप से हो रहा है काम
नीतीश कुमार ने कहा कि सभी धर्मों से जुड़े धर्म स्थलों के लिए राज्य सरकार समान रूप से काम कर रही है। सरकार के प्रयासों से बिहार में पर्यटन बढ़ा है। बोधगया में भी पर्यटन बढ़ा है। अभी पर्यटक यहां घूमकर लौट आते हैं। जब यहां सुविधाओं का विकास होगा, तो पर्यटक ठहरेंगे और ज्यादा वक्त बिहार में गुजारेंगे। बोधगया में होटल भी जल्दी ही बनकर तैयार हो जाएगा।

योजना के बारे में दी जानकारी
नीतीश कुमार ने कहा कि मोकामा से गंगा जल लाया जा रहा है। राजगीर के लिए नवादा के मोतनाजे में गंगा जलाशय बनाया गया है। वहां से गया और नवादा के लिए भी अलग जलाशय बनाकर गंगा जल का संरक्षण होगा।

अब नहीं होगी पानी की दिक्कत – नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने कहा कि गंगा का जल हर घर, हर मंदिर, हर स्कूल, दफ्तर, होटल तक भी पहुंचेगा। अब पानी की कभी कोई समस्या नहीं होगी। अब हर आदमी के लिए रोज 135 लीटर जल रोज मिलेगा। न सिर्फ पीने, बल्कि नहाने, खाना बनाने, घर ढोने से लेकर पूजा के लिए भी नल से गंगा का जल मिलेगा।

नीतीश कुमार का संबोधन शुरू
नीतीश कुमार ने कहा कि जल जीवन हरियाली अभियान को शुरू करने से पहले सभी दलों के विधायक और विधान पार्षदों के साथ बैठक की गई। इसी अभियान का हिस्सा है हर घर नल जल योजना। उन्होंने कहा कि पहले गया में पानी की खूब दिक्कत होती थी।

नौकरी देने के लिए सरकार कर रही काम – तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार सरकार नौकरी और रोजगार के मसले पर खूब काम कर रही है। रिक्त पदों को भरने के साथ ही नए पद भी सृजित किए जाएंगे। बिहार में खूब काम हो रहा है और कुछ लोग जंगल राज का राग अलाप रहे हैं। उन्होंने बोधगया के लोगों को कहा कि यह पर्यटन स्थल है। आप लोग यहां आने वाले लोगों का खूब स्वागत कीजिए, ताकि बोधगया का नाम दूर – दूर तक हो।

नीतीश कुमार ने फल्गु को शाप से दिलाई मुक्ति – तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि फल्गु नदी के माता सीता से शापित होने की बात कही जाती है। लेकिन, कोई भी शाप अधिक दिन तक प्रभावी नहीं रहता है। कोई आता है और शाप से मुक्त करता है। नीतीश कुमार ने फल्गु नदी के लिए यही काम किया है।

मुख्यमंत्री काम में विश्वास करते हैं – तेजस्वी यादव
उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि हर घर गंगा जल की शुरुआत करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार धन्यवाद के पात्र हैं। दक्षिण बिहार गर्मी में पीने के पानी के लिए तरसता था। टैंकर से भी सभी को जरूरत भर पानी नहीं मिल पाता था। मुख्यमंत्री काम करने में विश्वास करते हैं। दिल्ली में बैठे लोगों की तरह केवल बोलते नहीं हैं। उनसे पहले संजय कुमार झा ने नीतीश कुमार की ओर से जन सामान्य को शुद्ध पेयजल का प्रयास शुरू से रहा है।

देश में पहली बार ऐसी योजना – संजय कुमार झा
जल संसाधन मंत्री और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि देश में पहली बार बाढ़ के पानी का इस्तेमाल हो रहा है। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वजह से ही संभव हुआ है। राजा भगीरथ तो अपने पूर्वजों के लिए गंगा को धरती पर लाए, लेकिन नीतीश कुमार ने तो राजगीर, गया, बोधगया के घर – घर तक गंगा जल पहुंचा दिया है।

जीतन राम मांझी ने की बड़ी मांग
बिहार सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को युग पुरुष कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सीएम ने अनहोनी को होनी कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि गया में गंगा जल रूपी अमृत लाकर मुख्यमंत्री ने बड़ा काम कर दिया है। उन्होंने गया में फल्गु के दोनों किनारे सड़क बनाकर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की। उन्होंने नदी जोड़ो योजना को भी आगे बढ़ाने की मांग की। सूचना एवं प्रावैधिकी विभाग के मंत्री इजराइल मंसूरी ने भी कार्यक्रम में विचार रखे।

मुख्यमंत्री ने सच कर दी कहावत
बिहार सरकार के कृषि मंत्री और बोधगया के विधायक सर्वजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने उल्टी गंगा बहाने की कहावत सच कर दी है। उन्होंने बोधगया में गंगा जल लाने के लिए दोनों नेताओं की तारीफ की।

दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम के शुभारंभ किया। इसमें अन्य मंत्रियों ने उनका सहयोग किया। इसके बाद जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संजय अग्रवाल ने स्वागत भाषण के दौरान योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 500 किलोमीटर से अधिक लंबी पाइप लाइन बिछाने में काफी चुनौतियां आईं, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देशन में यह योजना पूरी हुई है।