मध्‍य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा, जानें कितने बढ़े दाम

इस खबर को शेयर करें

शहडोल, जेएनएन। अब पेट्रोल और डीजल के दामों में उछाल आना शुरू हो गया है। देश के विभिन्न राज्यों में होली खत्म होते ही और चुनाव खत्म होने के बाद तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। डीजल कंपनियों ने यह बढ़ोतरी 137 दिन बाद की है।

एक दिन पहले यानी 21 मार्च को पेट्रोल की कीमत 109 रुपये, 74 पैसे और डीजल की कीमत 93 रुपये 20 पैसे थी। यह नई दर 22 मार्च को सुबह 6 बजे से लागू हो गई है। पेट्रोल की कीमतों में 88 पैसे और डीजल में 82 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद शहर के लोगों का कहना है कि इसकी उम्मीद पहले से थी। लोगों का कहना है कि रूस-यूक्रेन युद्ध का भारत पर कुछ प्रभाव पड़ा, जो तेल की कीमतों में वृद्धि के कारण दिखाई दे रहा है। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि देश के अंदर हुए राज्यों में चुनाव के बाद दरों में बढ़ोतरी होना तय था।

बता दें कि 4 नवंबर के बाद से पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, 137 दिनों के बाद यह पहली बढ़ोतरी है। हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को लेकर पहले से ही आशंका जताई जा रही थी कि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ना तय हैं। बीते दिनों कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 15 रुपये तक की बढ़ोतरी संभव है। हालांकि, यह सब एक बार में नहीं बल्कि धीरे-धीरे होगा।

महंगा हुआ घरेलू एलपीजी सिलेंडर

मंगलवार से दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। 6 अक्टूबर 2021 के बाद यह पहली वृद्धि है। नवीनतम मूल्य वृद्धि के साथ, दिल्ली और मुंबई में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 949.50 रुपये हो गई है जबकि कोलकाता में यह 976 रुपये हो गई है। वहीं, चेन्नई में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 965.50 रुपये और लखनऊ में अब बढ़कर 987.50 रुपये हो गई है।