राजस्थान हनी ट्रैप कांड में सनसनीखेज खुलासा, जानकार होंगे हैरान

इस खबर को शेयर करें

जयपुर। शिक्षा विभाग के एलडीसी को हनीट्रैप में फंसाने के मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस महिला, उसके पति और दलाल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। संजय सर्किल थाना अधिकारी मोहम्मद शफीक खान ने बताया कि दलाल शिवराम सिंह को जेल भेज दिया है, जबकि ब्लैकमेल करने वाली प्रिया और उसका पति विवेक पुलिस रिमांड पर हैं। तीनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। दलाल शिवराम सिंह ने मामला निपटाने के लिए डेढ़ लाख रुपए लिए थे। पीड़ित LDC हिमांशु ने भी कई जानकारी दी। हिमांशु ने बताया कि वह प्रिया को डेढ़ साल से जानता था।

आरोपी महिला प्रिया अपने जिम इंस्ट्रक्टर पति के साथ बूंदी में रहती थी और हिमांशु इनका पड़ोसी था। प्रिया का अपने पति से आए दिन झगड़ा होता रहता। इस पर वह मदद के लिए हिमांशु को बुलाती। इसी मदद के सिलसिले में हिमांशु और प्रिया में नजदीकियां बढ़ गईं। एक-दूसरे के नंबर एक्सचेंज हुए और बातें होने लगीं।

पति से झगड़े के बाद 4 महीने अलग रही, पीड़ित के साथ जयपुर में की शॉपिंग
जब विवेक को हिमांशु के अपने घर आने-जाने के बारे में पता चला तो उसने प्रिया से झगड़ा किया। इस बीच प्रिया ने घर छोड़ दिया और 4 साल की बच्ची को लेकर पड़ोस में ही किराए के मकान में अलग रहने लगी। प्रिया हिमांशु को नए मकान पर बुलाने लगी। उसने कपड़ों का काम शुरू किया, उसमें घाटा होने पर हिमांशु से मदद के नाम पर कुछ रुपए मांगे। हिमांशु ने प्रिया के खाते में कई बार रुपए ट्रांसफर किए। कुछ कैश भी दिए। बताया जा रहा है कि इसके बाद प्रिया ने हिमांशु को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और ज्यादा पैसों की डिमांड करने लगी। प्रिया हिमांशु से महंगी शॉपिंग कराती थी। अक्टूबर 2021 में शॉपिंग के लिए वह हिमांशु को लेकर जयपुर भी आई। तब यहां उसने ब्रांडेड कपड़े और जूते खरीदे।

दलाल ने दिलाया था भरोसा कि वो रुपए दिलवाएगा
प्रिया हिमांशु के यहां अलवर भी पहुंच गई थी। यहां हंगामा हुआ तो शिवराम सिंह वहां पहुंच गया। शिवराम ने प्रिया और उसके पति विवेक को हिमांशु से बड़ी रकम दिलवाने का भरोसा दिया और कमीशन के डेढ़ लाख रुपए मांगे। प्रिया और विवेक भी शिवराम को रुपए देने के लिए राजी हो गए।

यह था मामला
बूंदी की एक शादीशुदा महिला ने अपने पति और दलाल शिवराम सिंह के साथ मिलकर हिमांशु से 18 लाख रुपए मांगे थे। रुपए नहीं देने पर रेप केस में फंसाने की धमकी दी। आरोपी महिला लगभग एक साल से युवक को जानती थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने महिला, उसके पति और दलाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 3 लाख रुपए कैश और 15 लाख का चेक भी बरामद हुआ है।