नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पटेल नगर इलाके में 150 रुपये लूटने का विरोध करने पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त अरुण पांचाल उर्फ राजा के रूप में हुई है। बदमाशों ने पहले अरुण को लोहे की राड से पीटा, इसके बाद चाकू से सीने और पेट पर कई वार किए। बाद में आरोपित फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अरुण को नजदीकी वल्लभ भाई पटेल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अरुण के साथ मौजूद साथियों ने इलाक के बदमाशों पर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
जेब से निकाल लिए थे रुपये
जानकारी के अनुसार, अरुण परिवार के साथ गली नंबर-21, बलजीत नगर में रहते थे। इनके परिवार में पिता अमरीक सिंह पांचाल, मां, चार बहनें और बड़ा भाई सतीश पांचाल है। दोनों भाइयों का वेल्डिंग का काम था। रविवार को छुट्टी होने की वजह से अरुण अपने दोस्तों के साथ प्रेम नगर, गली नंबर-तीन के पास एमसीडी पार्क में बैठे हुए थे।
रुपये वापस मांगने पर भड़के आरोपित
इस बीच वहां पांच-छह लड़के पहुंचे। आते ही आरोपितों ने सभी लड़कों की जेब से रुपये निकाल लिये। विरोध करने पर आरोपितों ने लड़कों को जान से मारने की धमकी दी। इन लड़कों ने अरुण की जेब से भी 150 रुपये निकाल लिए। बाद में लड़के जाने लगे।
हमला करने वालों में कई नाबालिग
अरुण ने आरोपितों से अपने रुपये मांगे। इस बात पर आरोपित भड़क गए। इन लड़कों ने अरुण पर पहले रॉड से हमला किया। बाद में चाकू से हमला कर दिया। बताया जाता है कि हमला करने वालों में कई नाबालिग लड़के भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपितों की पहचान कर ली गई, उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।