मैनपुरी। फिरोजाबाद से मैनपुरी स्थित अपनी ससुराल आए युवक ने पत्नी से विवाद के चलते पेट में तमंचे से गोली मार ली। गोली लगी तो चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि फिरोजाबाद के आसफाबाद चौराहा निवासी गोपी गुप्ता पुत्र सरवन गुप्ता 11 जुलाई की शाम 4 बजे मैनपुरी आया था। उसका अपनी पत्नी पूजा गुप्ता से पिछले 4 सालों से कोर्ट में विवाद चल रहा है। वह अपनी पत्नी को लेने आया था। मंगलवार की सुबह 6 बजे के करीब दोनों के बीच विवाद हुआ तो उसने तमंचे से पेट में गोली मार ली। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के बड़े भाई हिमांशु गुप्ता से घायल की पत्नी की बहन खुशबू की भी शादी हुई है। खुशबू और पूजा के पिता घनश्याम गुप्ता की मौत हो चुकी है। उसकी मां राधा तथा छोटी बहन आरती गुप्ता मजदूरी करके भरण पोषण करते हैं।