यूपी में हीट वेव की मार के बीच आई गुड न्‍यूज, इन जिलों में बारिश के आसार

Good news comes amid heat wave in UP, chances of rain in these districts
Good news comes amid heat wave in UP, chances of rain in these districts
इस खबर को शेयर करें

लखनऊ। UP Weather: यूपी में हीट वेब की मार के बीच अच्‍छी खबर आई है। कई जिलों में हल्‍की बारिश के आसार हैं। इससे गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार वेस्‍ट यूपी के कुछ जिलों में गुरुवार देर शाम से बादलों की आमद हो रही है। यह आज यानी शुक्रवार को असर दिखा सकती है। दिन में एक या अधिक बार तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। गरज के साथ छींटे भी पड़ सकते हैं।

ताजनगरी आगरा में 27 अप्रैल से हीट वेव (लू) शुरू होगी जो 29 अप्रैल तक कायम रहेगी। इस दौरान तापमान 42 डिग्री से अधिक रहने के आसार हैं। यानि भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इधर, गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक होकर 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री बढ़कर 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 49 दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक ताजनगरी में मौसम लगातार चौंका रहा है। कई दिन से हीट वेव का अलर्ट आगे बढ़ता जा रहा है। इस बीच बादल रिमझिम कर सकते हैं। लेकिन, इसके ठीक बाद हीट वेव शुरू हो रही है। तीन दिनों तक गर्म हवाएं तपा सकती हैं।

पूर्वी यूपी में गर्म होता जा रहा मौसम का मिजाज
पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज गर्म होता जा रहा है। दिन व रात के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले आठ दिनों से अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। गोरखपुर में गुरुवार को चटक धूप और धूल भरी गर्म हवाएं चली। इसके कारण दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। इसके अलावा लगातार दूसरे दिन हवा में न्यूनतम नमी 13 फीसदी बनी रही।

गुरुवार को सुबह से ही धूप खिली रही। आसमान से बादल गायब हो गए। दिन चढ़ने के साथ सूरज और गर्म हुआ। तपिश बढ़ गई। करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी गर्म हवाएं चली। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को पारा और चढ़ेगा। दिन के तापमान में इजाफा होगा। रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा।

गोरखपुर पहुंची फ्लाइट तेज हवा के चलते वाराणसी लौटी
हैदराबाद से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट की गुरुवार को वाराणसी में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। गोरखपुर आने वाले यात्रियों को वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारकर फ्लाइट हैदराबाद वापस चली गई। वाराणसी से गोरखपुर तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था न करने से यात्रियों ने कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई।

इंडिगो एयरलाइंस के विमान 6ई 886 ने हैदराबाद से लगभग 200 यात्रियों को लेकर अपने निर्धारित समय से उड़ान भरा। गोरखपुर एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार गुरुवार दोपहर 12 बजे से ही काफी तेज हवा चल रही थी। हवा की रफ्तार 22 नॉटकिल माइल तक थी। इस कारण एटीसी ने फ्लाइट को सुरक्षा कारणों से उतरने की अनुमति नहीं दी। फ्लाइट को वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया। वहां बाबतपुर एयरपोर्ट पर करीब दो बजे लैंडिंग हुई। करीब एक घंटा फ्लाइट पार्किंग में खड़ी रही लेकिन वापस गोरखपुर के लिए उड़ान की मंजूरी नहीं मिली तो हैदराबाद लौट गई। इंडिगो के स्थानीय प्रबंधक अंकुर ओसमांड ने बताया कि हैदराबाद के यात्रियों के लिए नाश्ते का प्रबंध किया गया था। यात्रा निरस्त करके रिफंड लेने का विकल्प भी दिया गया।

सबसे गर्म संगमनगरी, सप्ताह में दूसरी बार पारा 43 के पार
मौसम का मिजाज पूरी तरह तल्ख हो चुका है। गुरुवार को एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार दिन का तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जिसकी वजह से सूबे के गर्म शहरों में प्रयागराज सबसे आगे रहा। वहीं दूसरे स्थान पर 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ वाराणसी रहा। अप्रैल में यह दूसरा मौका है कि जब प्रयागराज में दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचा। इससे पहले 19 अप्रैल को यह 43.6 डिग्री सेल्सियस आंका गया था। गुरुवार सुबह से खिली तीखी धूप शरीर में चुभने लगी। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

स्थिति यह रही कि कई घरों में सुबह 11 बजे ही कूलर और एसी चलाने पड़ गए। जैसे-जैसे दिन चढ़ा पारा भी चढ़ता गया। सुबह 10 बजे 40 डिग्री सेल्सियस तो दिन के तीन बजे तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार पहुंच गया। जिसकी वजह से तपिश ने खूब सताया। दोपहर में पछुआ शहरियों के लिए दोहरी चुनौती बन गई। तीखी धूप के साथ करीब 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही गर्म हवा शरीर को झुलसाने लगी। दिन में पूरी तरह से लू जैसे हालात बन गए। बाजारों में सन्नाटा सा छा गया। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि 29 अप्रैल तक जिले में तेज धूप के साथ गर्म हवा चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खास एहतियात बरतने की आवश्यकता है।