अभी अभी :हरियाणा वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी, इन जिलो तक मिली रैपिड मेट्रो रेल लाइन को मंजूरी

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली: केंद्र सरकार की रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना के तहत अब दिल्ली-पानीपत रैपिड रेल लाइन करनाल तक जाएगी। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसकी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसकी इसी वर्ष अक्तूबर माह तक व्यवहार्यता देख ली जाएगी। इसके अतिरिक्त केंद्रीय विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी ने आश्वस्त किया है कि दिल्ली-गुरुग्राम-राजस्थान सीमा तक रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना को भी गति देने के लिए दिल्ली सरकार से बात की जाएगी।

हरियाणा में लंबित कई परियोजनाओं में तीव्रता लाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राष्ट्रीय राजधानी में कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्रियों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को इन परियोजनाओं में न सिर्फ तीव्रता लाने का बल्कि वित्तीय सहयोग करने का भी आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह सबसे पहले केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल और इसके बाद केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा से भी मिले।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री से मिलने के बाद सीएम ने बताया कि ज्योतिसर (कुरूक्षेत्र) में महाभारत व गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल म्यूजियम विकसित किए जाने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय वित्तीय सहयोग करेगा। कुरूक्षेत्र में 99 करोड़ रुपये की कृष्णा सर्किट-दो परियोजना व 97 करोड़ रुपये की हैरिटेज सर्किट परियोजना के लिए केंद्र से वित्त की मांग की गई है।

दोनों परियोजनाएं केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को प्रेषित की जाएंगी। मोरनी (हरियाणा) में एडवेंचर स्पोर्ट्स परियोजना के लिए भी केंद्र से आर्थिक सहयोग मांगा गया है। हरियाणा में स्थित सिंधु घाटी सभ्यता के पुरातात्विक स्थल “राखी गढी’ में साइकिल ट्रैक का निर्माण भी केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के वित्तीय सहयोग से कराया जाएगा।

गुरुग्राम में साइंस सिटी विकसित करने की दिशा में की पहल
हरियाणा सरकार ने वर्षों पहले केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अधीन हिंदुस्तान इंसेक्टीसाइड लिमिटेड व इंडियन ड्रग्स-फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड को गुरुग्राम में बेशकीमती जमीन आवंटित की हुई है। इस जमीन पर केंद्रीय मंत्रालय के प्रोजेक्ट तैयार नहीं होने की स्थिति में राज्य सरकार ने इस जमीन काे वापस मांगा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसके लिए केंद्रीय रसायन व उर्वरक मंत्री सदानंद गौड़ा से मुलाकात की। सदानंद गौड़ा ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया है इसके लिए मंत्रालय सहानुभूति पूर्वक विचार करेगा।

अलग विधानसभा निर्माण के प्रस्ताव पर लगाई मुहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक सवाल के जबाव में कहा कि चंडीगढ़ में मौजूदा हरियाणा विधानसभा परिसर वर्तमान आवश्यकतानुसार काफी छोटा है। इसलिए हरियाणा विधानसभा के लिए पृथक भवन के लिए केंद्र से प्रस्ताव किया गया है। नए परिसीमन के बाद तो यह जरूरी हो जाएगा। आस्ट्रेलिया में गिरफ्तार भारतीय नागरिक विशाल जूड के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश मंत्री डाक्टर एस जयशंकर से बात हुई है। विदेश मंत्रालय इस संदर्भ में अपने स्तर पर लगातार प्रयासरत है।