- संभलकर! शरीर में न होने दें विटामिन D की कमी, इस गंभीर बीमारी के शिकार हो सकते हैं आप - April 28, 2024
- ‘गरीबों के पसीने की बदबू आती है’, तेजस्वी ने नाक पर रखा रुमाल तो भाजपा ने कसा तंज - April 28, 2024
- Chanakya Niti: इन 4 लोगों से नाराज रहती है धन की देवी, साथ नहीं छोड़ती पैसों की तंगी! - April 28, 2024
पटना: बिहार में आज सुबह मौसम ने करवट ली है। राजधानी पटना में सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, बिजली और ओला गिरने की आशंका जताई गई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने शुक्रवार को बिहार के 26 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें पटना, बेगूसराय, शेखपुरा, नालंदा, नवादा, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी समेत अन्य जिले शामिल हैं। आरा और बक्सर में भी बारिश हो रही है।
बाकी अन्य 12 जिलों में हल्की बारिश और बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही प्रदेश में 50 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 1 अप्रैल तक के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले दो-तीन दिनों तक बिहार में तापमान में कमी रहेगी, लेकिन दो-तीन दिनों के बाद फिर तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। बीते 24 घंटे में सबसे गर्म शेखपुरा रहा जहां का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
26 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
बिहार के कुल 26 जिलों में मेघ गर्जन, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें राजधानी पटना, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सीवान, मधुबनी, दरभंगा, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, रोहतास, बक्सर, कैमूर और गया शामिल हैं। जहानाबाद में भी सुबह से बादल छाए हैं।
क्यों बदला मौसम
बिहार में बारिश की वजह बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और टर्फ रेखा के प्रभाव की वजह से है। बिहार के हवाओं में उमस अधिक है। इससे प्रदेश के सभी हिस्से में 80 से 95 प्रतिशत तक आर्द्रता का प्रभाव है। इसी कारण प्रदेश में बारिश का सिस्टम सक्रिय हो रहा है।
आज राजधानी पटना में कैसा रहेगा मौसम
पटना की बात करें तो बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बक्सर में बादल के साथ हल्की बारिश हो रही है।
किसानों के लिए अलर्ट, क्या करें
मौसम विभाग की तरफ से यह संदेश जारी किया गया है। कहा गया है कि अभी रबी फसल की कटाई का समय है। यदि फसल पक चुकी हैं तो उसकी कटाई कर लें। अपने कटे हुए फसल को पानी नमी से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर स्टोर करने की व्यवस्था करें। अनाज खुले में हो तो उसे त्रिपाल आदि से ढकने की व्यवस्था कर सकते हैं।
बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान हो रहा है। 17 से 21 मार्च के बीच हुई बारिश में फसल की बर्बादी हुई थी ।यदि मौसम खराब होने के दौरान खेतों में काम कर रहे हैं,उस दौरान बिजली चमकने या मेघ गर्जन होने से किसान पक्के घरों में शरण लें। किसी भी परिस्थिति में पेड़ के नीचे खड़ा होने से बचे और मौसम साफ होने का इंतजार करें।