पहाड़ों पर बढ़ी भीड़, अटल टनल में फंस गए 400 वाहन, 12 घंटे तक चला राहत अभियान

Crowd increased on mountains, 400 vehicles stuck in Atal tunnel, relief operation lasted for 12 hours
Crowd increased on mountains, 400 vehicles stuck in Atal tunnel, relief operation lasted for 12 hours
इस खबर को शेयर करें

शिमला: दिल्ली समेत अन्य राज्यों के लोगों ने नए साल का जश्न मनाने के लिए शहरों का रुख किया है। बड़ी संख्या में लोग हिमाचल प्रदेश भी पहुंचे हैं। नतीजतन पहाड़ी राज्य की शड़कों पर जाम की स्थितियां देखने को मिल रही हैं। भीड़ और बर्फबारी के कारण अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के करीब 400 वाहन फंस गए। कुल्लू पुलिस के अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि रोहतांग दर्रे में अटल सुरंग के दक्षिण पोर्टल के पास भारी बर्फबारी के बाद फंस चुके 400 से अधिक वाहनों को निकाला गया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को मनाली-लेह राजमार्ग और आसपास के इलाकों में बर्फबारी के बाद फिसलन की स्थिति के कारण वाहन सुरंग में फंस गए थे। अधिकारियों ने कहा कि केलांग और मनाली की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से एक बचाव अभियान शुरू किया। इस अभियान में 10 से 12 घंटे लगे। यह अभियान शुक्रवार सुबह 4 बजे समाप्त हुआ। जाम में फंसे वाहन अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं पर्यटकों ने कहा कि वे बर्फबारी का आनंद लेने के लिए रोमांचित हैं। खराब मौसम की वजह से फंसे वाहन अब दक्षिण पोर्टल को सुरक्षित रूप से पार कर चुके हैं।

लाहौल और स्पीति के उपायुक्त सुमित खिमटा ने कहा कि फंसे पर्यटकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने पर्यटकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी है। यह जाम इसलिए लग गया क्योंकि नया साल मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक कुल्लू और मनाली का रुख कर रहे हैं। बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। मनाली होटलियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि बड़ी संख्या में वाहनों के आगमन के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आती है। चंबा जिले के डलहौजी, सलोनी और चुराह इलाकों और पांगी घाटी में बर्फबारी हुई है जिससे इनका संपर्क राज्य के बाकी हिस्सों से कट गया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कोठी में 15 सेमी, खदराला, उदयपुर और कल्पा में 5 सेमी, पूह और सांगला में 4 सेमी, गोंडला, शिलारो और कुकुमसेरी में 3 सेमी हिमपात दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शिमला, चंबा, किन्नौर और लाहौल और स्पीति में कुछ मार्गों पर भी यातायात बाधित हुआ। पर्यटकों ने किन्नौर जिले के कल्पा के साथ-साथ कुफरी, नारकंडा और कुकुमसेरी में भी हिमपात का आनंद लिया। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को मौसम के शुष्क रहने की भविष्यवाणी की है। राज्य में होटल व्यवसायी नए साल की तैयारी कर रहे हैं। पर्यटकों को खास रात्रिभोज, पार्टियों और प्रतियोगिताओं की पेशकश कर रहे हैं।