अगले हफ्ते बारिश के साथ ओले का भी सितम, इन राज्यों के लिए चेतावनी

Hail accompanied by rain next week, warning for these states
Hail accompanied by rain next week, warning for these states
इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली: मौसम ने भले ही कोहरे से राहत दे रखी है, लेकिन ठंड अब भी इम्तिहान ले रही है। आने वाले दिनों में भी इससे राहत मिलने का अनुमान नहीं है। दिल्ली सहित उत्तर पश्चिमी भारत में अगले सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आईएमडी ने कहा कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी से 25 जनवरी तक उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 21 जनवरी के शुरुआती घंटों में बारिश या हिमपात शुरू होने और 23-24 जनवरी को चरम गतिविधि के साथ 25 जनवरी तक इसके जारी रहने की संभावना है।

ऐसा रहेगा हाल
मौसम विभाग ने कहा कि 23 और 24 जनवरी को जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 23-24 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। दिल्ली में इस सर्दी के मौसम में अब तक कोई बारिश दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर और दिसंबर में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ बारिश न होने का कारण था। इसके मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 जनवरी को कुछ और 24 जनवरी को कई स्थानों पर हल्की बारिश या फुहार पड़ने का अनुमान है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 और 25 जनवरी को हल्की बारिश और फुहार का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक
उन्होंने कहा कि कुछ पश्चिमी विक्षोभ के 19 से 25 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करने की संभावना है। 19-21 जनवरी तक बादल छाए रहेंगे और मुख्य रूप से ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 22 जनवरी की रात से 24 जनवरी को पूर्वाह्न तक बहुत तेज बारिश होगी और कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्के से मध्यम हिमपात (जम्मू में बारिश के साथ) और मध्यम तथा अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम हिमपात होने की संभावना है।

आज का ऐसा रहा हाल
अधिकारियों के मुताबिक, श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे था। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंद में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.1 डिग्री कम है। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 7.4 डिग्री कम है।