सीजन का सबसे गर्म दिन, लखनऊ का पारा 41, जानें कब मिलेगी राहत

इस खबर को शेयर करें

लखनऊ. राजधानी लखनऊ में तेज गर्म हवा और चिलचिलाती धूप के बीच शहर के लोग गर्मी से बेहाल रहे। शुक्रवार को सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक था। रात में भी तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल 24 घंटे इस गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। रविवार और सोमवार को तापमान अपेक्षकृत मामूली रूप से कम रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद चल रही तेज हवाओं के कारण आसमान पूरी तरह साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार इस वजह से धूप का असर पूरी तरह धरती की सतह पर पड़ता रहा। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी हुई। लगातार तापमान अधिक रहने की वजह से धरती की सतह ठंडी नहीं हो पा रही है। इधर लम्बे अरसे से बारिश भी नहीं हुई। नतीजतन रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिन रात में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी आसमान आमतौर पर साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

40 से 45 की गति से चली हवा
गर्म पछुआ के झोंके दिन भर आंधी की रफ्तार से चले। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र में हवा की अधिकतम रफ्तार 40 से 45 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से हवा की गति में गिरावट आएगी।