क्या केजरीवाल का अगला टार्गेट मिशन हरियाणा है? मिल रहे तगड़े संकेत, जान लें पूरा प्लान

Is Haryana the next target mission of Kejriwal? Getting strong signals, know the complete plan
Is Haryana the next target mission of Kejriwal? Getting strong signals, know the complete plan
इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली: क्या केजरीवाल का अगला टार्गेट मिशन हरियाणा है? आम आदमी पार्टी की चुनावी तैयारियों से तो ऐसा ही लग रहा है। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को हरियाणा के प्रदेश संगठन नवनियुक्त पदाधिकारियों से मुलाकात की। वह हरियाणा में आगामी 8 जून को प्रदेश की टीम तैयार होने के बाद पहला राजनीतिक कार्यक्रम करने जा रहे है। यह एक तरह से रोड शो होगा जिसमें केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई बैठक में आप महासचिव संदीप पाठक, हरियाणा आप अध्यक्ष सुशील गुप्ता, हरियाणा आप अभियान समिति के प्रमुख अशोक तंवर और आप दिल्ली के संयोजक गोपाल राय समेत अन्य नेता मौजूद थे। बैठक में आगामी राज्य विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। मालूम हो कि पिछले हफ्ते आम आदमी पार्टी ने सुशील गुप्ता को हरियाणा इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। AAP ने हरियाणा राज्य इकाई के लिए एक नए वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं तीन नए उपाध्यक्षों की भी घोषणा की है। अनुराग ढांडा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है जबकि बलबीर सिंह सैनी, बंता सिंह वाल्मीकि और चित्रा सरवारा उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।

रविवार को हरियाणा आम आदमी पार्टी (आप) के नवनियुक्त प्रमुख सुशील गुप्ता ने अपनी पहली बैठक ली थी। इसमें उन्होंने अगले साल लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीतने के लक्ष्य के साथ पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया था। बैठक में पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। बैठक में नेताओं ने सर्वसम्मति से पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हरियाणा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति बनाने के लिए आमंत्रित करने का प्रस्ताव पारित किया था।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा इकाई के अध्यक्ष राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि राज्य में चुनावी बिगुल फूंकने के लिए आठ जून को हरियाणा के जींद जिले में एक रोड शो के साथ ही तिरंगा यात्रा भी आयोजित की गई है। केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दोनों भव्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस यात्रा में लगभग 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मालूम हो कि हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल तीन नवंबर, 2024 को समाप्त होगा।

पार्टी के रणनीतिकारों की माने तो यह आगामी लोकसभा व पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चुनावी प्रचार की शुरुआत जैसा होगा। हरियाणा के बाद 11 जून को दिल्ली में महारैली होगी। उसके बाद मध्य प्रदेश, राजस्थान भी अरविंद केजरीवाल महारैली करेंगे। हरियाणा प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने ट्वीट करके 8 जून के कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा प्रदेश की टीम ने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। उन्होंने 8 जून को हरियाणा आने का न्यौता स्वीकार कर लिया है। हरियाणा उनका स्वागत करने के लिए तैयार है।