वीडियो बनाया, सुसाइड लेटर लिखा और पंखे से लटक महिला ने दी जान

Made a video, wrote a suicide letter and the woman hanging from the fan gave her life
Made a video, wrote a suicide letter and the woman hanging from the fan gave her life
इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के करावल नगर इलाके में विधवा महिला पूजा शर्मा (20) ने गुरुवार रात को फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले महिला ने वीडियो बनाया और सुसाइड नोट भी लिखा। इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोप लगाया है कि 2021 में पुलिस से शिकायत के बाद ससुराल वाले कुछ दिन शांत रहे। कुछ समय बाद दोबारा परेशान करने लगे। पुलिस वायरल वीडियो और सुसाइड नोट की पड़ताल कर रही है। ससुराल वालों से पूछताछ की जा रही है।

पूजा शर्मा परिवार के साथ करावल नगर के शिव विहार स्थित गली नंबर-6 में रहती थीं। फैमिली में बेटी पीहू और बेटा प्रतीक है। पति की करीब डेढ़ साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह तब से ससुराल वालों से अलग दो मंजिला मकान में रह रही थी। ससुराली करीब ही दूसरे मकान में रह रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला कि गुरुवार शाम पूजा ने बच्चों को जल्दी सुला दिया है। बेटी ने शुक्रवार सुबह देखा कि मां पंखे के कुंडे के सहारे चुन्नी से लटकी है। तुरंत दादी और दादा को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस कॉल की।

पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। फोन में एक वीडियो भी मिला, जो जान देने से पहले बनाया गया था। आरोप लगाया गया है कि सास-ससुर, दो जेठ-जेठानियां और ननद-नंदोई परेशान करते थे। ये सब घर से निकालना चाहते थे। इससे आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है। महिला का आरोप है कि पुलिस थाने से लेकर आला अफसरों से शिकायत की गई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस अफसरों ने बताया कि पूजा जिस मकान में रहती थी, उसे ससुर ने अपनी बेटी के नाम कर दिया था। इसी बात का विवाद था, जिसे परिवार में ही सुलझाने या अदालत में जाने की सलाह महिला को कई बार दी गई थी।

‘बच्चों को मिले पिता का हक’
महिला ने वीडियो और सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि बच्चों की बीमारी में भी परिवारवाले मदद नहीं करते थे। इसलिए उसकी आखिरी इच्छा है कि उसके बच्चों का ख्याल रखा जाए। पिता का हक उनको मिले। पुलिस अफसरों ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो तो उन्हें मिला है, लेकिन सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इसलिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि सोशल मीडिया पर सुसाइड नोट वायरल है।