यूपी में दिन में धूप और तेज हवाएं, रात में ओस का असर… अभी गई नहीं है ठंड

Sunshine and strong winds during the day in UP, effect of dew at night... the cold has not gone yet
Sunshine and strong winds during the day in UP, effect of dew at night... the cold has not gone yet
इस खबर को शेयर करें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम अब पूरी तरह से साफ हो चुका है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहने वाला है। हालांकि, दोपहर के समय जहां तेज धूप निकल रही है, वहीं सूरज ढलते ही मौसम का मिजाज बदल जाता है। रात के समय अभी भी ठीक ठाक ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 12 से 13 मार्च तक प्रदेश में मौसम को लेकर किसी तरह का कोई चेतावनी नहीं जारी हुई है। दिन में तेज पछुआ हवाओं के कारण लोगों को अभी उस स्तर की गर्मी नहीं महसूस हो रही है। पिछले दिनों जिस प्रकार से सूरज की तपिश ने लोगों को परेशान कर दिया था, अब मौसम सुहाना दिख रहा है। नोएडा से लेकर लखनऊ तक दिन और रात को तापमान सामान्य बनता दिख रहा है।

प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम साफ रहने वाला है। मौसम विभाग की माने तो 8 मार्च को राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसी क्रम में 9 और 10 मार्च को भी प्रदेश के पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने के आसार है। साथ ही पूर्वी यूपी के हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। इस तरह 8 से 10 मार्च के बीच प्रदेश के किसी भी हिस्से में मौसम को लेकर कोई चेतावनी नहीं जारी हुई है। इतना ही नहीं, 11 मार्च को भी प्रदेश के पश्चिमी व पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने के आसार है। वहीं 12 और 13 मार्च को भी पश्चिमी यूपी के साथ साथ पूर्वी यूपी में भी मौसम साफ रहने वाला है।

सबसे ठंडा रहा अयोध्या
प्रदेश के न्यूनतम तापमान की बात करे तो गुरुवार को जारी हुई रिपोर्ट के मुताबिक अयोध्या में सबसे कम 8.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही कानपुर और नजीबाबाद में 9.0 डिग्री, मेरठ में 9.4 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 9.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा फुरसत गंज में 9.6 डिग्री, बरेली में 10.6 डिग्री, बहराइच में 10.6 डिग्री, ताजनगरी आगरा में 10.9 डिग्री, अलीगढ़ में 11.2 डिग्री और शाहजहांपुर में 11.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।