मुजफ्फरनगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार जिले की दो ग्राम पंचायतों को मिलेगा। चयन सूची में बुढ़ाना क्षेत्र की फुगाना और जानसठ की पुट्ठी इब्राहिमपुर शामिल हैं। 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंचायत राज स्थापना दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का आनलाइन प्रसारण होगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत फुगाना को तीसरी बार पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। चयन सूची में दूसरी ग्राम पंचायत पुट्ठी इब्राहिमपुर हैं। दोनों के चयन की सूची बीते दिनों जारी हुई थी। उन्होंने बताया कि इस बार इन ग्राम पंचायतों में विकास कार्यो के लिए कितनी धनराशि मिलेगी, इसकी अधिकृत सूचना जारी नहीं हुई है। बीते वर्ष प्रति ग्राम पंचायत 12 लाख रुपये जारी हुए थे। इस बार धनराशि में वृद्धि हो सकती है।