मध्‍य प्रदेश में दो दिन और मुश्किल भरे, फिर मिलेगी भीषण गर्मी से राहत

इस खबर को शेयर करें

भोपाल। राजधानी समेत पूरे प्रदेश के लोगों के लिए दो दिन और मुश्किल होने वाले हैं। विभिन्न जिलों का तापमान अब फिर से बढ़ गया है और अनुमान है कि 22 मई तक ऐसा ही रहेगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 23 मई से प्रदेश का मौसम बदलना शुरू हो जाएगा और हवा के साथ-साथ बूंदाबांदी भी होगी, लेकिन उससे पहले भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा से मिली जानकारी के अनुसार 20 मई को सभी शहरों का तापमान करीब एक डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। राजधानी का अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। जहां गुरुवार को तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शुक्रवार को यह बढ़कर 44.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं इंदौर और ग्वालियर के तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर के 1.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।

23 मई से बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञानी डा. ममता यादव ने बताया कि 22 और 23 मई को एक ट्रफ बनता दिख रहा है। अनुमान है कि इसका विस्तार राजस्थान से उत्तरी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों तक होगा। इसके प्रभाव से 23 मई के आसपास राज्य का मौसम बदल जाएगा। कई जगहों पर आंधी, तेज आंधी के साथ बारिश होगी।

मौसम के इस बदलाव से तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, गर्मी वाले दिन बार-बार आएंगे और जाएंगे। इनसे पूरी तरह निजात 20 जून के आसपास ही मिलेगी, जब मानसून आएगा। डॉ. यादव ने कहा कि आम धारणा है कि इस साल गर्मी ज्यादा होगी तो ज्यादा बारिश होगी, ऐसा कुछ नहीं होगा। इस साल बारिश सामान्य रहेगी। इसके साथ ही नौतपा में राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश होगी।

शहर – उच्चतम तापमान – न्यूनतम तापमान

भोपाल – 44.3 – 28.4

इंदौर – 42.5 – 26.4

ग्वालियर – 46.4 – 27.9

जबलपुर – 43.7 – 29.6

(तापमान डिग्रीसे. में)

ये जिले रहे सबसे ज्यादा गर्म

खजुराहो – 47.3 – 26.5

नौगांव – 47.1 – 27.3

दमोह – 46.5 – 31.0

ग्वालियर – 46.4 – 27.9

(तापमान डिग्रीसे. में)