हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश के साथ गिरे ओले, 21 अप्रैल तक यलो अलर्ट जारी

Weather patterns changed in Haryana, hail fell along with rain in many districts, yellow alert issued till April 21
Weather patterns changed in Haryana, hail fell along with rain in many districts, yellow alert issued till April 21
इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़: हरियाणा के कुछ जिलों में शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा चली। बारिश के साथ ओले गिरे। मार्च से लेकर अप्रैल तक चार बार बारिश के साथ ओले गिर चुके हैं। वहीं, मौसम विशेषज्ञों ने 21 अप्रैल तक यलो अलर्ट जारी किया है। हरियाणा में शुक्रवार को दोपहर बाद करनाल जिले के इंद्री में बारिश के साथ ओले गिरे। इसके अलावा पानीपत के समालखा में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। हरियाणा में मौसम में बदलाव को लेकर जारी अलर्ट के बीच दिन का पारा 40 डिग्री के पार हो गया है। दो दिन मौसम खराब रहने के कारण अंबाला में भी हल्की बारिश हुई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में 20 अप्रैल के बाद गेहूं की कटाई में तेजी आएगी। 21 अप्रैल तक मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया जा चुका है। पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, यमुनानगर में मौसम खराब रहने के आसार हैं। यहां गरज-चमक के साथ बादल छाएंगे। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं भी चलेंगी। किसानों से कहा गया है कि जहां तक संभव हो, सूखी हुई फसलों की कटाई कर सुरक्षित कर लें।

फरीदाबाद में बढ़ी गर्मी
वहीं फरीदाबाद जिले में गर्मी का असर अब बढ़ रहा है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि आने वाले दिनों के दौरान तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावनाएं हैं।

शुक्रवार को 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तापमान
फरीदाबाद में पिछले कुछ दिनों से मौसम थोड़ा परिवर्तनशील बना हुआ है। गुरुवार शाम को भी तेज हवाओं के साथ मामूली बूंदाबांदी हुई थी। तापमान भी थोड़ा कम ही बना हुआ था, लेकिन शुक्रवार को तापमान में अचानक से वृद्धि दर्ज की गई है। दिन के समय तेज धूप होने के कारण फरीदाबाद का अधिकतम तापमान बढ़ गया है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि आने वाले दिनों में हवाएं चलने व बादल छाने की संभावनाएं हैं, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। आने वाले कुछ दिन तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावनाएं हैं।