हिमाचल में आम आदमी पार्टी करेगी घर-घर अभियान का आगाज, बांटेंगे गारंटी कार्ड

Aam Aadmi Party will start door-to-door campaign in Himachal, will distribute guarantee cards
Aam Aadmi Party will start door-to-door campaign in Himachal, will distribute guarantee cards
इस खबर को शेयर करें

शिमला: हिमाचल प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प की राह देख रही आम आदमी पार्टी अब लोगों को गारंटी के कार्ड बांटेगी। इन कार्ड में 11 तरह की गारंटी का उल्लेख होगा। इसके लिए पार्टी ने सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में घर- घर अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के सबसे बड़े कांग्रेस जिले के पालमपुर से इसकी शुरूआत होगी। आप के अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर इसकी शुरूआत करेंगे। बाद में दिल्ली, पंजाब के पार्टी पदाधिकारी, मंत्री भी इसका हिस्सा बनेंगे।

टिकट तय करने का भी एक प्रमुख मानक
पार्टी ने अभी चार सीटों पर ही टिकट आवंटित किए हैं। 64 सीटों में प्रत्याशी का चयन करने का एक प्रमुख मानक घर- घर अभियान में निभाई जाने वाली भूमिका भी रहेगी। इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वालों को पार्टी हाथों- हाथ टिकट थमाएगी। बशर्ते कि एक या दो दिन तक ही सक्रियता न दिखे।

दूसरी सूची कब आएगी बाहर
पार्टी प्रत्याशियों की दूसरी सूची नवरात्रों में बाहर आएगी। इसके लिए कई स्तर पर चर्चा चल रही है। तीसरी सूची नवरात्रों के तत्काल बाद जारी की जाएगी। दूसरी सूची दस से अधिक सीटों की होगी। कितनी सीटों पर प्रत्याशी घोषित होंगे, इसका अभी खुलासा नहीं किया जा रहा है।

केजरीवाल नहीं आए
काफ समय से आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल हिमाचल नहीं आए हैं। सभी 11 गारंटी उनकी गैर मौजूदगी में दी गई। इनकी कमान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संभाली।

क्‍या कहते हैं आप अध्‍यक्ष
हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी के अध्‍यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा सभी 11 गारंटी को घर- घर तक ले जाएंगे। इसके लिए विशेष अभियान की शुरूआत होगी। पालमपुर से आरंभ होगा। गारंटी के कार्ड भी बांटे जाएंगे। आप जो कहती है, सत्ता में आने के बाद पूरी भी करती है। भाजपा और कांग्रेस ने जनता के साथ केवल छलावा किया है। ईमानदारी की राजनीति की शुरूआत आप से हुई है। हमें हिमाचल में बड़ी सफलता मिल सकती है। जनता जरूर आशीर्वाद देगी।