सरकारी नौकरी लगने के बाद लड़के के तेवर से परेशान हुई लड़की, बोली- अब नहीं करता है फोन

इस खबर को शेयर करें

नालंदा। बिहार के नालंदा से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसकी चर्चा जिलों में जोर शोर से हो रही है। जानकारी के मुताबिक सरकारी नौकरी लगने के बाद एक लड़के ने अपना रंग बदल लिया और एक साल पहले जिस लड़की से शादी तय हुई थी, उससे अब विवाह करने से इंकार कर रहा है। लड़की के घर वालों का कहान है कि पिछले साल अक्टूबर माह में शादी तय हुई थी। उपहार स्वरूप ढाई लाख के जेवरात व नकद भी पहले ही लड़की पक्ष के लोग दे चुके थे। मामला हरनौत थाना के श्रीचंदपुर गांव का है। लड़की का कहना है कि नौकरी लगने के बाद अब वो फोन भी नहीं करता है।

बताया जाता है कि रामईश्वर राम की बेटी सुगनी कुमारी की शादी रहुई थाना के खिरौना गांव निवासी राजकिशोर प्रसाद के पुत्र गुड्डु कुमार से तय हुई थी। पीड़ित लड़की के पिता का कहना है कि शादी तय होने के बाद हमारी तरफ से उपहार के तौर पर जेवरात और नकदी भी दी गई थी। लड़की के पिता ने यह भी बताया कि शादी तय हो जाने के बाद लड़का और लड़की हर दिन बात किया करते थे। यह शादी दोनों परिवार की मर्जी से तय हुई थी।

वहीं पीड़ित लड़की सुगनी कुमारी का कहना है कि गुड्डू नाम के लड़के से उसकी शादी एक साल पहले तय हुई थी। शादी तय होने के बाद गुड्डू और मेरी हर रोज फोन पर घंटों बात हुआ करती थी। वो सरकारी नौकरी की तैयारी करता था। लेकिन दो महीने पहले उसकी सरकारी नौकरी लग गई। सरकारी नौकरी लगते ही गुड्डू ने धीरे-धीरे बातचीत करना बंद कर दिया। इस बात की जानकारी जब पीड़ित लड़की के स्वजनों को हुई तो लड़की के पिता थक हार कर गुड्डू के घर गए। गुड्डू के स्वजनों से भेंट की तो उन्होंने भी शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद वह रहुई थाने पहुंची। न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच चल रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।