हीट वेव की चपेट में बिहार, पारा 40 पार; इन जिलों में येलो अलर्ट, जानें राहत कब से

Bihar in the grip of heat wave, mercury crosses 40; Yellow alert in these districts, know when relief will be given
Bihar in the grip of heat wave, mercury crosses 40; Yellow alert in these districts, know when relief will be given
इस खबर को शेयर करें

पटना: बिहार के कई शहरों में पारा 40 के पार पहुंच गया है। गर्म हवाओं का प्रभाव दूसरे दिन बुधवार को भी बना रहा। पटना सहित राज्य के अधिकतर शहरों में लोग गर्मी से परेशान रहे। बुधवार को पछुआ की रफ्तार 20 से 25 किमी प्रतिघंटे के बीच रही। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है। अगले तीन चार दिनों के मौसम पूर्वानुमान में गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ने का है। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल तक राज्य के 14 जिलों में उष्ण लहर की चेतावनी जारी की है।

जिन जिलों में गर्म हवाओं के प्रवाह का येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, शेखपुरा, नवादा, मुंगेर, खगड़िया, जमुई और बांका शामिल हैं। इन जिलों में 21 अप्रैल तक उष्ण लहर की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को राज्य भर में सर्वाधिक गर्म शेखपुरा रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सीवान के जीरादेई में 41 डिग्री, बांका में 40.5 डिग्री और नवादा का 40.1 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। इसके अलावा 7 शहरों का अधिकतम तापमान 40 के आसपास रहा। मौसमविदों के अनुसार सूबे में पछुआ के प्रभाव से अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि संभव है।

11 जिलों में ही 50 फीसदी से अधिक आर्द्रता

योजना एवं विकास विभाग के तहत संचालित इस मौसम सेवा केन्द्र के अनुसार सूबे के 11 जिलों में ही 50 फीसदी से अधिक आर्द्रता है। शेष 27 जिलों की स्थिति खराब है। यहां आर्द्रता 50 फीसदी से कम है। रात के समय भी प्रदेश के अधिकतर इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

यहां तापमान में बढ़ोतरी

बुधवार को गया में 39.9 डिग्री, रोहतास के डेहरी में 40 डिग्री, जमुई में 39.9 डिग्री, बक्सर में 39.6 डिग्री, औरंगाबाद और खगड़िया में 39.7 डिग्री दर्ज किया गया।

बेहतर है पटना के हालात

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष पटना का पारा 17 अप्रैल को 41 के पार कर गया था, लेकिन इस बार तापमान में थोड़ी कमी है। इसकी वजह राज्य में आंशिक बादलों के प्रभाव का बने रहना है।

अधिकतम तापमान

शहर पारा

पटना 38.9

गया 39.9

भागलपुर 39

पूर्णिया 38.2

तिलौथू में तापमान 42.9 डिग्री पार

बिहार में गर्मी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ती जा रही है। रोहतास का तिलौथू प्रखंड बीते दिन सबसे गर्म क्षेत्र रहा। बिहार मौसम सेवा केन्द्र द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार यहां का तापमान 42.9 डिग्री रहा। एक दिन पहले भी तिलौथू (42.4) ही सबसे गर्म प्रखंड रहा था, जबकि न्यूनतम तापमान पूर्वी चंपारण के पकड़ी दयाल (20.4) का था।

औसत पारा 39 के आसपास

बिहार में औसत अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। किशनगंज और अररिया में ही सिर्फ अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहा। वहीं फारबिसगंज और मुजफ्फरपुर में अधिकतम पारा क्रमश 37.4 व 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों या शहरों का अधिकतम तापमान 38 डिग्री से ऊपर रहा, जबकि पांच शहरों में यह 40 के पार चला गया है।