BJP ने 4 राज्यों के चुनाव प्रभारियों का किया एलान, भूपेंद्र यादव को मध्य प्रदेश और ओम प्रकाश माथुर को मिली छत्तीसगढ़ की कमान

BJP announced the election in-charge of 4 states, Bhupendra Yadav got the command of Madhya Pradesh and Om Prakash Mathur got the command of Chhattisgarh
BJP announced the election in-charge of 4 states, Bhupendra Yadav got the command of Madhya Pradesh and Om Prakash Mathur got the command of Chhattisgarh
इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली। चार राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए भाजपा ने चुनाव प्रभारियों के रूप में ‘सेनापति’ तैनात कर दिए हैं। शीर्ष नेतृत्व ने संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी को राजस्थान, केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को मध्य प्रदेश और पूर्व सांसद ओम प्रकाश माथुर को छत्तीसगढ़ का जिम्मा सौंपा है। इसी तरह तेलंगाना का चुनाव प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर को बनाया गया है।

भूपेंद्र पटेल पर पार्टी ने जताया भरोसा
मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। चारों ही राज्यों में सत्ता संघर्ष काफी कड़ा होने की संभावना है। इनमें से सिर्फ मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है। यहां उसका लगातार तीसरा कार्यकाल है और सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है। यहां चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए पार्टी हाईकमान ने भूपेंद्र यादव पर विश्वास जताया है।

वह पड़ोसी राज्य राजस्थान के मूल निवासी हैं और मध्य प्रदेश की राजनीतिक, सामाजिक, भौगोलिक परिस्थितियों से भी वाकिफ हैं। इसके साथ ही उनके पास संगठन में काम करने का अनुभव है। इससे पहले वह जटिल जातीय राजनीति वाले प्रदेश बिहार के भी प्रभारी रह चुके हैं। उनके साथ यहां सह-प्रभारी के रूप में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लगाया गया है। वैष्णव भी राजस्थान के ही मूल निवासी हैं।

प्रल्हाद जोशी के पास संगठन का लंबा अनुभव

राजस्थान में वर्तमान में कांग्रेस की सरकार है। यहां सत्ता वापसी के लिए पार्टी नेतृत्व ने चुनावी रणनीति का जिम्मा जोशी को सौंपा है। कर्नाटक निवासी जोशी के पास संगठन का लंबा अनुभव है। वह कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। रणनीति के तहत पार्टी ने सह-प्रभारी के रूप में कुलदीप विश्नोई और गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को लगाया है।

इनमें कुलदीप की नियुक्ति काफी महत्वपूर्ण है। हरियाणा निवासी सांसद कुलदीप इससे पहले कांग्रेस में थे और 2022 में भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें राजस्थान चुनाव में लगाने के पीछे भाजपा की नजर विश्नोई समुदाय के प्रभाव वाली लगभग 40 विधानसभा सीटों पर है।

ओपी माथुर के पास छत्तीसगढ़ का कमान
कांग्रेस का वोट बैंक माने जाने वाले इस वर्ग में भाजपा विश्नोई के सहारे सेंध लगाना चाहती है। छत्तीसगढ़ में भी भाजपा को सत्तारूढ़ कांग्रेस से दो-दो हाथ करने हैं। इसके लिए पार्टी ने अपने सबसे अनुभवी नेताओं में से एक ओम प्रकाश माथुर को चुनाव प्रभारी बनाया है।

मूल रूप से राजस्थान निवासी माथुर के पास संगठन का पुराना अनुभव है। राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष रह चुके माथुर इससे पहले उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के भी प्रभारी रह चुके हैं। इन राज्यों में सरकार बनवाने में उनकी भूमिका मानी जाती है।

ओपी माथुर बनाए गए छत्तीसगढ़
यहां रणनीतिक बिसात बिछाने में सह-प्रभारी के रूप में गुजरात के रहने वाले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को लगाया गया है। इसी तरह तेलंगाना में अभी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सत्ता में है। यहां चुनाव प्रभारी बनाकर पार्टी ने सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर को भेजा है। महाराष्ट्र निवासी जावडेकर को भी संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।

उनके साथ पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को सह-प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी दी है। सुनील बंसल इससे पहले उत्तर प्रदेश के संगठन महासचिव थे और वहां भाजपा को चुनाव जिताने व संगठन को इतना मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।