- 8 दिन पहले सजी थी डोली, लौटी तो देख सदमे में चला गया बाप… - April 29, 2024
- ‘मुस्लिम सबसे ज्यादा कंडोम इस्तेमाल करते हैं’ - April 29, 2024
- उत्तर प्रदेश में मौसम का डबल अटैक, 32 शहरों में लू का अलर्ट, कई जिलों में आंधी-बारिश - April 29, 2024
गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि कछार जिले में अंतर-राज्यीय सीमा पर मिजोरम की ओर से उपद्रवियों द्वारा गोलीबारी की गई. इस गोलीबारी में असम पुलिस के छह कर्मियों की मौत हो गई.
50 पुलिसर्मी गोलीबारी और पथराव में घायल
सीमा पार से लगातार हो रही गोलीबारी के बीच जंगल में मौजूद असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कछार के SP निंबालकर वैभव चंद्रकांत समेत कम से कम 50 कर्मी गोलीबारी और पथराव में घायल हो गए हैं. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ट्वीट किया, ‘मुझे यह सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए असम पुलिस के छह बहादुर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना.’
एक एसपी को लगी गोली
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सीमा पार से उपद्रवियों ने उस समय अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जब दोनों पक्षों के सिविल अधिकारी मतभेदों को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे थे. अधिकारी ने फोन पर कहा, ‘मैं तत्काल यह नहीं बता सकता कि कितने लोग घायल हुए हैं, लेकिन मेरा अनुमान है कि कम से कम 50 कर्मी घायल हुए. गोलीबारी में हमारे एसपी भी घायल हो गए और एक गोली उनके पैर में लगी.’ इतना ही नहीं जब आईपीएस अधिकारी फोन पर इस खबर की जानकारी दे रहे थे तब वह जंगल के अंदर छिपे हुए थे और पीछे से गोलीबारी की आवाज सुनाई दे रही थी.
शाह ने असम, मिजोरम के मुख्यमंत्रियों से बात की
दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने सोमवार को असम और मिजोरम के मुख्यमंत्रियों से दोनों राज्यों के बीच चल रहे सीमा विवाद पर बात की और उनसे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा. सूत्रों के मुताबिक असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा के साथ टेलीफोन पर अलग-अलग बातचीत के दौरान शाह ने उनसे अंतरराज्यीय सीमा पर शांति बनाए रखने को कहा.
दोनों मुख्यमंत्री ट्विटर पर भिड़े
गृह मंत्री ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि सीमा विवाद को आपसी सहमति से हल करें. दोनों मुख्यमंत्रियों ने गृह मंत्री को आश्वासन दिया है कि शांति सुनिश्चित करने और सीमा मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. सूत्रों ने कहा कि दोनों राज्यों के पुलिस बलों के विवादित स्थल से लौटने की उम्मीद है. हालांकि संघर्ष के बाद विवादित असम-मिजोरम सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई. दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच सोमवार को ट्विटर पर वाकयुद्ध छिड़ गया.