कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम मनोहर लाल खट्टर, राहुल गांधी की ट्रक यात्रा पर भी कसा तंज

CM Manohar Lal Khattar lashed out at Congress, also took a jibe at Rahul Gandhi's truck journey
CM Manohar Lal Khattar lashed out at Congress, also took a jibe at Rahul Gandhi's truck journey
इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को मंत्री परिषद और भाजपा विधायक दल की बैठकों के बाद कांग्रेस नेताओं पर जमकर हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा प्रदेश की जनता से किए गए छह वादों पर तंज कसे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लुभावने वादों और झूठे दावों से कोई प्रभावित होने वाला नहीं है। भाजपा सरकार लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के साथ ही उनकी आय में बढ़ोतरी के लिए काम कर रही है। कांग्रेस सिर्फ वादे कर रही है, लेकिन भाजपा ने प्रदेश की जनता को करके दिखाया है। चंडीगढ़ में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और उनके सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा लोगों से जो वादे कर रहे हैं, वह कहीं नहीं टिकटे। उनका हिसाब-किताब बहुत कमजोर है। तभी वह जो मन में आ रहा है, कहे जा रहे हैं। उन्हें सिर्फ घोषणाएं करने और झूठे वादे करने से मतलब है। इसके पीछे यही सोच छिपी है कि कैसे भी करके वह सत्ता हासिल कर लें, जो कि मुमकिन नहीं है।

कांग्रेस की तरह सस्ती लोकप्रियता के पक्ष में नहीं हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि दस साल तक राज्य में कांग्रेस की सरकार चलाने वाले अपने कार्यकाल में अच्छे नतीजे नहीं दे पाए। प्रदेश को भ्रष्टाचार और प्रापर्टी डीलिंग की दलदल में धकेल दिया। अब चुनाव के समय उन्हें ऐसे वादे याद आ रहे हैं, जो कभी पूरे नहीं हो सकते। मनोहर लाल ने कहा कि हमारा पूरा फोकस लोगों की आय बढ़ाने पर है। उन्हें रोजगार दिलाने पर है। मेरिट के आधार पर नौकरियां देने पर है। हम कांग्रेस की तरह सस्ती लोकप्रियता के पक्ष में बिल्कुल भी नहीं हैं। यदि हमने अच्छे काम किए हैं तो लोग स्वयं ही हमें लोकप्रिय बना देंगे और कांग्रेस को नकार देंगे।

विपक्षी विधायकों की आलोचना से हमें फर्क नहीं पड़ता
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायकों द्वारा विभिन्न विषयों पर हर मंगलवार को प्रेस कान्फ्रेंस करने को भी नकार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों का काम आलोचना करने का है और वह कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास और कुछ करने को नहीं है। विधानसभा में वह अपने हलकों की उचित मांगों को नहीं उठा पाते। लोग जवाब मांगते हैं तो दोष सरकार पर मढते हैं, जबकि वह खुद नाकाम साबित हो चुके हैं। मनोहर लाल ने कहा कि इन विपक्षी विधायकों की आलोचना से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।

सड़कों के निर्माण और मरम्मत की आज तक नहीं दी सूची
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में स्पष्ट किया कि जिन विधायकों ने सड़कों के निर्माण और मरम्मत संबंधी प्रस्ताव दिए हैं, उन पर तेजी के साथ काम चल रहा है। इन कामों को कराने की एक प्रक्रिया होती है। अधिकतर कामों के टेंडर हो चुके हैं। अब काम अलाट होंगे। किसी विधायक विशेष के क्षेत्र को कामों में प्राथमिकता दी जा रही है, ऐसा बिल्कुल भी नहीं हैं। हमारी जानकारी में आया है कि कांग्रेस के ऐसे भी विधायक हैं, जिन्होंने आज तक अपने क्षेत्र के लिए सड़कों के निर्माण और मरम्मत की सूची सरकार को नहीं दी है। फिर भी हमारी पूरी कोशिश है कि राज्य में सड़क निर्माण से संबंधित जितने भी काम लंबित हैं, उन सभी को बरसात से पहले-पहले पूरा करा लिया जाएगा।

राहुल कैसे भी यात्रा करें, उनके चक्षु खुल जाएंगे, अच्छा है
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टक यात्रा पर भी चुटकी ली है। मनोहर लाल ने कहा कि अच्छी बात है कि राहुल गांधी टक में बैठें या फिर रिक्शा में बैठें या साइकिल चलाएं। उनका स्वास्थ्य सही रहेगा और स्वास्थ्य सही रहेगा तो उनके चक्षु भी खुलेंगे, ताकि वह देश और प्रदेश की जनता के साथ कांग्रेस राज में हुए अन्याय पर पश्चाताप कर सकें। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नियमित रूप से हर सप्ताह युवाओं को अनुबंधित नौकरियां दे रही है। इन नौकरियों में भी पूरी तरह से पारदर्शिता बरती गई है।