धोनी को मिला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का आमंत्रण

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अयोध्या में 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का आमंत्रण मिला है। धोनी को आमंत्रण देने के लिए राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े लोग उनके घर गए थे। धोनी ने इस दौरान कहा कि वह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाएंगे। आमंत्रण मिलने से वह काफी खुश हैं। धोनी से पहले महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को आमंत्रित किया जा चुका है।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में फिल्म कलाकारों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों सहित अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रण मिलने के बाद पूरी उम्मीद है कि सचिन तेंदुलकर और धोनी 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे और प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। सचिन-धोनी के अलावा विराट कोहली और रोहित शर्मा के भी इस समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।

आमंत्रित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अतिथियों को आमंत्रित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ज्यादातर खास व आम मेहमानों तक आमंत्रण पत्र पहुंच गया है। अन्य को भेजा जा रहा है। इस काम के लिए 15 जनवरी अंतिम तिथि तय की गई है। आज इसकी आखिरी तारीख है।

आईपीएल में दिखेंगे धोनी
धोनी हाल ही में दुबई से लौटे हैं। वह सपरिवार वहां छुट्टियां मनाने के लिए गए थे। धोनी रांची वापस लौटने के बाद ट्रेनिंग शुरू कर दी है। वह आईपीएल के आगामी सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी करते नजर आएंगे। 42 साल के धोनी का यह आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। वह 2008 से चेन्नई के कप्तान हैं और उन्होंने टीम को पांच बार चैंपियन बनाया है। चेन्नई ने पिछले साल फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराया था।