अभी अभीः वेस्ट यूपी में किसने जीती कौन सी सीट, यहां देंखे विस्तार से

इस खबर को शेयर करें

मेरठ/ शामली। विधानसभा के चुनाव के लिए मतगणना जारी है। वर्ष 2017 में प्रचंड लहर में जहां मेरठ जिले की सात सीटें जहां भाजपा की झोली में जा गिरी थीं, वहीं इस बार पार्टी कांटे के मुकाबले में फंसी रही हैं। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई तो कई सीटों पर भाजपा का पलड़ा भारी रहा। वहीं दोपहर बाद वेस्ट यूपी की कई चर्चित सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो गया। कैराना पर सभी की नजरे टिकीं थीं। यहां दोपहर तक मृगांका का पलड़ा भारी रहा वहीं। दोपहर बाद गठबंधन प्रत्याशी नाहिद हसन ने बढ़त बना ली और आखिर में जीत हासिल की। वहीं मेरठ की हॉट सीट सरधना पर दोपहर बाद बाजी पलट गई। यहां भी गठबंधन प्रत्याशी अतुल प्रधान भाजपा के फायरब्रांड नेता संगीत सोम को पटखनी दी डाली। इसी तरह सहारनपुर की नकुड सीट पर भी दिलचस्प जंग दिखी।

आगे देखें कहां रहा है मुकाबला –

तीसरी बार विधानसभा पहुंचे पंकज मलिक
मुजफ्फरनगर में सपा के टिकट पर चरथावल से चुनाव लड़े पंकज मलिक ने तीसरी बार जीत दर्ज की है। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक के बेटे पंकज मलिक ने चुनाव से एन पहले कांग्रेस छोडकऱ सपा में शामिल हुए थे। भाजपा की सपना कश्यप ने चुनाव में उन्हें कड़ी चुनौती दी।

पंकज मलिक को 97068 और भाजपा की सपना कश्यप को 91649 वोट मिले हैं। पंकज मलिक 5419 वोटों से जीत गए हैं। इससे पहले मलिक ने बघरा सीट से 2004 में उपचुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे। इसके बाद 2007 में बघरा और 2012 में वह शामली सीट से विधायक चुने गए, लेकिन 2017 में चुनाव हार गए थे। शामली छोडकऱ इस बार वह चरथावल से चुनाव लडऩे पहुंच और कांटे के मुकाबले में जीत मिली। चरथावल में बसपा के उम्मीदवार सलमान सईद को सिर्फ 25 हजार वोट मिले हैं।

भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम नहीं लगा सके जीत की हैट्रिक, सरधना में पहली बार दौड़ी साइकिल

सरधना विधानसभा सीट से सपा रालोद गठबंधन के अतुल प्रधान ने भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम को हरा दिया है। संगीत सोम इससे पहले दो बार यहां से चुनाव जीते थे, जबकि अतुल प्रधान दो बार चुनाव हारे थे। सरधना सीट पर ऐसा पहली बार हुआ है जब सपा का कोई प्रत्याशी जीता है। हार जीत का अंतर करीब 18000 वोटों का है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है। जब चार राउंड की मतगणना होनी बाकी थी, उससे पहले ही संगीत सोम मोदीपुरम में कृषि विश्वविद्यालय स्थित मतगणना स्थल से चले गए थे।

कैराना में नाहिद हसन जीते, मृगांका पिछड़ीं
जनपद शामली की चर्चित कैराना सीट पर भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह ने गठबंधन प्रत्याशी को नाहिद हसन को पछाड़े रखा लेकिन दोपहर बाद नाहिद हसन आगे निकल गए। नाहिद हसन करीब 25 हजार वोटों से जीते। थानाभवन सीट की 3 ईवीएम खराब हुई। डीएम जसजीत कौर का कहना है कि अंत में इन ईवीएम को लेकर फैसला होगा। मार्जिन कम रहा तो वीवीपैट से गिनती की जाएगी।
सहारनपुर नगर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी संजय गर्ग 24 वे राउंड में भाजपा प्रत्याशी राजीव गुंबर से 17000 वोटों से आगे चल रहे हैं। अभी 11 राउंड बाकी है।

सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी आशु मलिक भाजपा प्रत्याशी जगपाल से करीब 23000 वोटों से आगे चल रहे हैं अभी तीन राउंड की गिनती होनी बाकी है।

बेहट विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी उमर अली खान भाजपा प्रत्याशी नरेश सैनी से करीब 25000 वोटों से आगे चल रहे हैं। अभी पांच राउंड की गिनती होनी बाकी है।

गंगोह सीट पर 27 वे राउंड तक भाजपा प्रत्याशी कीरत सिंह सपा प्रत्याशी इंद्रसेन से 11 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। अभी 6 राउंड की गिनती होना बाकी है।

सहारनपुर की देवबंद विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजेश सिंह जीत गए हैं। अभी प्रशासन ने घोषणा नहीं की है। नकुड विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी सपा प्रत्याशी डॉक्टर धर्म सिंह सैनी से 328 वोटों से आगे हैं। अभी डाक मत नहीं जुड़े हैं।

सहारनपुर जनपद की रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट से भाजपा विधायक देवेंद्र निम जीत गए हैं। उन्होंने बसपा के रविंद्र कुमार को करीब 20 हजार वोटों से पराजित किया है।

मुजफ्फरनगर सदर सीट पर कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल को 18वें राउंड के बाद 77797 और रालोद के सौरभ स्वरूप बंटी को 70256 वोट मिले हैं।

चरथावल विधानसभा सीट से सपा-रालोद गठबंधन के पंकज मलिक ने बढ़त बना ली है। भाजपा की सपना कश्यप मतगणना स्थल से चली गई है। अभी अंतिम परिणाम जारी नहीं हुए हैं।

बुढ़ाना विधानसभा के 22वें राउंड की गिनती के बाद रालोद के राजपाल बालियान को 94876 और भाजपा के उमेश मलिक 80156 वोट मिले हैं। इस विधानसभा के आठ राउंडकी गिनती बाकी है।

खतौली में भाजपा के वर्तमान विधायक और प्रत्याशी विक्रम सैनी को 23वें राउंड के बाद 89983 वोट मिले हैं, जबकि रालोद के राजपाल सैनी को 65189 वोट मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी यहां पर 24793 वोटों से आगे हैं।

खतौली सीट पर भाजपा के विक्रम सैनी, चरथावल सीट पर सपा के पंकज मलिक, बुढ़ाना सीट पर रालोद के राजपाल बालियान, मीरापुर सीट पर रालोद के चंदन चौहान, निर्णायक बढ़त की ओर हैं। पुरकाजी सीट पर रालोद के अनिल कुमार बढ़त बनाए हुए हैं, सदर सीट पर कौशल विकास राज्यमंत्री आगे चल रहे हैं।

बागपत के बड़ौत से भाजपा के केपी मलिक, छपरौली से रालोद के अजय कुमार दोनो जीते हालांकि घोषणा होनी बाकी है। वहीं बड़ौत सीट पर मतगणना को लेकर रालोद प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई बैलेट पेपर की दोबारा मतगणना शुरू की गई।

बिजनौर की नजीबाबाद सीट पर नजीबाबाद विधायक तस्लीम अहमद, नगीना विधायक मनोज पास, नहटौर विधायक ओमकुमार जीत की हैट्रिक लगा सकते है, तीनों अभी आगे चल रहे हैं।