लोकसभा चुनाव 2024: भाजपा-रालोद की पहली रैली कल, मिलकर साधेंगे वेस्ट यूपी

Lok Sabha Elections 2024: BJP-RLD's first rally tomorrow, together will help in West UP
Lok Sabha Elections 2024: BJP-RLD's first rally tomorrow, together will help in West UP
इस खबर को शेयर करें

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को शाम चार बजे मेरठ के मोदीपुरम में वेस्ट यूपी का चुनावी शंखनाद करने जा रहे हैं। मोदी की यह चुनावी शंखनाद रैली इस बार मेरठ-सहारनपुर-मुरादाबाद मंडल के पांच लोकसभा सीटों की होगी। प्रधानमंत्री मोदी की यह विजय शंखनाद रैली लगातार तीसरी रैली होगी, जिसमें लोकसभा चुनाव का आगाज किया जाएगा। भाजपा-रालोद गठबंधन की यह पहली रैली होगी। मेरठ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2014 से चुनावी शंखनाद कर रहे हैं। दो फरवरी 2014 को प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी के तौर पर मोदी ने मेरठ के शताब्दीनगर से विजय संकल्प रैली की थी। उसके बाद 2019 में 28 मार्च को नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री के तौर पर दूसरी बार सिवाया टोल प्लाजा के पास विजय शंखनाद रैली की। यह रैली मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत लोकसभा की थी। इस बार मेरठ के मोदीपुरम में प्रधानमंत्री तीसरी बार शंखनाद रैली 31 मार्च को करने जा रहे हैं। यह रैली मेरठ मंडल के मेरठ, बागपत, सहारनपुर मंडल के मुजफ्फरनगर और कैराना और मुरादाबाद मंडल के बिजनौर लोकसभा क्षेत्र की रैली होगी।

15 साल बाद भाजपा के साथ रालोद करेगा मंच साझा
15 साल बाद मोदीपुरम की रैली में भाजपा के मंच पर गठबंधन में रालोद भी होगा। इससे पूर्व भाजपा और रालोद का 2009 में गठबंधन था। तब रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने भाजपा के साथ मंच साझा किया था। इस बार 31 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी होंगे। मंच पर पांचों लोकसभा क्षेत्र के सांसद, भाजपा और रालोद के प्रत्याशी भी होंगे। एक तरह से भाजपा और रालोद गठबंधन के नेता 15 साल बाद पहली बार एक मंच पर होंगे। आधिकारिक तौर से गठबंधन की घोषणा होगी।

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न
आज यानी 30 मार्च को रालोद मुखिया जयंत चौधरी अपने दादा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का भारत रत्न राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्राप्त करेंगे। इसके अगले ही दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रालोद प्रमुख जयंत मेरठ में बड़ी रैली करेंगे।

ये उठ सकते हैं मुद्दे
भाजपा और रालोद नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की रैली में पूर्व प्रधानमंत्री चौ.चरण सिंह को भारत रत्न, गन्ना, किसान के साथ ही पश्चिम उत्तर प्रदेश के विकास की चर्चा होगी। दिल्ली-मेरठ हाईस्पीड रैपिड रेल को लेकर बड़ी घोषणा भी हो सकती है। कारण रैली स्थल रैपिड रेल कॉरिडोर के बिल्कुल सामने है। रैली के लिए भाजपा और रालोद दोनों की ही तैयारियां जोरों पर हैं।