मुजफ्फरनगर : सफाई कर्मी से वार्ता हुई विफल, सोमवार से होगा धरना

इस खबर को शेयर करें

मुजफ्फरनगर। ठेके पर 250 सफाई कर्मियों को रखने के साथ ही 10 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे नगरपालिका परिषद् के सफाई कर्मचारियों की नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन के साथ हुई समझौता वार्ता विफल हो जाने से हड़ताल का संकट बरकरार है। सफाई कर्मचारी संघ ने चेयरपर्सन से वार्ता की मांग की थी, लेकिन ईओ समझौता वार्ता के लिए चेयरपर्सन को न्यौता देना ही भूल गये। अब सोमवार को संघ नेताओं के साथ दूसरे दौर की समझौता वार्ता तय की गयी है, जिसमें चेयरपर्सन को भी बुलाया गया है। संघ सफाई कर्मचारियों की भर्ती के मामले में अड़ा हुआ है।

बता दें कि सफाई कर्मचारी संघ ने शहर की सफाई व्यवस्था के लिए पालिका प्रशासन से 250 सफाई कर्मचारियों को दैनिक वेतन के आधार पर ठेके पर रखने की मांग की थी। संघ अध्यक्ष चमनलाल ढिंगान का कहना है कि इसके लिए पालिकाध्यक्ष ने 100 सफाई कर्मचारियों को रखने का आश्वासन दिया था और पूर्व में हुई समझौता वार्ता पर इसके लिए सहमति बनने पर रास्ता साफ हो गया था। आरोप है कि अब पालिकाध्यक्ष सफाई कर्मचारियों को रखने से इंकार कर रही हैं। इसके साथ ही अन्य लम्बित समस्याओं और मांगों के निस्तारण के लिए सफाई कर्मचारी संघ ने बेमियादी आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ नेताओं ने कामबंद हड़ताल की भी चेतावनी दी है। ऐसे में पालिका के नोडल अफसर एडीएम प्रशासन अमित सिंह के निर्देश पर ईओ हेमराज सिंह ने शनिवार को शाम संघ नेताओं से समझौता वार्ता के लिए सूचना जारी की। इसमें संघ नेताओं ने वार्ता में पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल को भी बुलाने की मांग की थी, लेकिन ईओ इस वार्ता के लिए पालिकाध्यक्ष को ही सूचना देना भूल गये। बाद में एडीएम प्रशासन अमित सिंह के साथ सफाई कर्मचारी नेताओं की वार्ता पालिका कार्यालय में हुई। इस दौरान एडीएम ने आश्वासन दिया कि प्रशासनिक स्तर पर जो भी मांग या समस्या हैं, उनका निस्तारण किया जायेगा, सफाई कर्मचारियों की भर्ती के मामले में समझौता वार्ता लटक गई।

संघ अध्यक्ष चमनलाल ढिंगान ने बताया कि वार्ता घंटों तक चली, लेकिन पालिकाध्यक्ष के नहीं होने के कारण सफाई कर्मियों की भर्ती को लेकर कोई भी बात नहीं बन सकी। केवल कोरे आश्वासन पर हमने वार्ता का बहिष्कार कर दिया। जब तक इस मामले में पालिकाध्यक्ष से वार्ता नहीं होती, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि रविवार को रक्षाबंधन का पर्व होने के कारण बेमियादी धरना स्थगित किया गया है। सोमवार से फिर धरना शुरू होगा। ईओ ने बताया कि एडीएम प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को शाम 4 बजे सफाई कर्मचारी संघ के साथ वार्ता पुनः बुलाई गई है। इसके लिए पालिकाध्यक्ष को भी अवगत कराया गया है।

समझौता वार्ता में मुख्य रूप से एडीएम प्रशासन अमित सिंह, ईओ हेमराज सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अतुल कुमार, स्वास्थ्य विभाग के लिपिक के साथ ही संघ अध्यक्ष चमनलाल ढिंगान, महामंत्री अरविन्द मचल, देवीप्रसाद, सूरज प्रकाश, दीपक पारचा, मिलन बिडला, सोनू एडवोकेट, जितेन्द्र मचल और राकेश ढिंगान आदि मौजूद रहे।