पंजाब में ED रेड पर सियासी संग्राम: CM बोले- मुझे सजा दी जा रही क्योंकि मैंने…

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। पंजाब में CM चरणजीत चन्नी के भतीजे पर एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की रेड के बाद सियासी संग्राम छिड़ गया है। CM चन्नी ने कहा कि फिरोजपुर में PM नरेंद्र मोदी की सुरक्षा चूक के बदले केंद्र सरकार उन्हें सजा दे रही है। उन्होंने इसे षड़यंत्र तक करार दे दिया। वहीं भाजपा ने CM चन्नी के स्लोगन ‘घर-घर विच चल्ली गल, चन्नी करदा मसले हल’ के जरिए ही उन पर निशाना साधा है। भाजपा नेता मनजिंदर सिरसा ने लिखा -‘घर-घर चल्ली गल, चन्नी करदा ‘नोटां नाल’ मसले हल’। साफ तौर पर चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस ने CM के बहाने कांग्रेस की घेराबंदी शुरू कर दी है।

CM की साली के बेटे हैं भूपिंदर
ED ने जिस भूपिंदर सिंह को हिरासत में लिया है, वह CM की साली के बेटे हैं। यह मामला 2018 का है। जिसमें कैप्टन अमरिंदर सिंह ने CM रहते हवाई दौरा कर अवैध रेत खनन की जांच की थी। जिसके बाद कुदरतजीत नामक व्यक्ति पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। उसके बाद यह केस ED ने टेकओवर कर लिया। जिसमें भूपिंदर का नाम सामने आया।

CM ने कहा- मैं लोगों के साथ खड़ा हुआ
CM चरणजीत चन्नी ने कहा कि जब PM की रैली रद्द हुई तो उन्होंने कह दिया था कि 70 हजार कुर्सियों में 700 लोग थे। PM की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं हुआ। मैं अपने किसानों और पंजाबियों पर लाठी-गोली नहीं चला सकता था। मैं पंजाब के साथ खड़ा हुआ, इसलिए राजनीतिक बदलाखोरी के लिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मैं इससे दबने वाला नहीं हूं।

फ्लाईओवर पर रुके रहे थे PM
PM नरेंद्र मोदी 5 जानवरी को फिरोजपुर में रैली को संबोधित करने आए थे। मौसम खराब होने के बाद वह सड़क मार्ग से फिरोजपुर रवाना हुए। वहां प्यारेआणा फ्लाईओवर पर उन्हें करीब 20 मिनट रुकना पड़ा। इसके बाद PM की सुरक्षा में चूक का मुद्दा उठा। जिसकी अब सुप्रीम कोर्ट रिटायर्ड जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अगुआई में जांच की जा रही है।

भाजपा बोली- राजनीतिक रंगत न दें CM
पंजाब भाजपा के नेता हरजीत ग्रेवाल ने कहा कि CM चन्नी इसे राजनीतिक रंगत न दें। उन्होंने कहा कि यह पुराना मामला है। ED ने जांच शुरू की और उसमें जिसका नाम आया, उस पर कार्रवाई हो रही है। अगर CM का रिश्तेदार सही है तो फिर 4 करोड़ की बरामदगी कैसे हुई?