पंजाब : सिद्धू के बागी तेवर, बोले- कांग्रेस को सिर्फ कांग्रेस ही हरा सकती

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। मतदान के लिए अब सिर्फ एक महीने का समय शेष रह गया है। इसके बावजूद पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के तेवर बागी ही दिख रहे हैं। उन्होंने कहा है कि यहां कांग्रेस को सिर्फ कांग्रेस ही हरा सकती है। आपको बता दें कि राज्य के सियासी हलकों में इस बात की चर्चा है कि सिद्धू खुद को सीएम कैंडिडेट नहीं बनाए जाने से खासे नाराज चल रहे हैं। यही वजह है कि वह बार-बार अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा कर देते हैं।

टीवी न्यूज चैनल ‘आज तक’ को दिए एक इंटरव्यू में सिद्धू से जब सीएम कैंडिडेट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव में कोई नहीं हरा सकता, सिर्फ कांग्रेस ही खुद को हरा सकती है। सिद्धू ने अपनी पार्टी के स्टैंड को दोहराते हुए संयुक्त नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही।

उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस एकजुटता दिखाती है तो पंजाब में उसे जीतने से कोई नहीं रोक सकता है। खुद को सीएम कैंडिडेट बनाए जाने को लेकर सिद्धू ने हालांकि यह कहा कि उन्हें पद की लालसा नहीं है। वह पंजाब की भलाई के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की भी तारीफ की। साथ ही किसी तरह के मतभेद की बात से साफ इनकार कर दिया।

नवजोत सिंह सिद्धू ने इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनौती देते हुए किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए ललकारा। इस दौरान वह कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी खूब बरसे।