पंजाब में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने बताया- इस तारीख को होगी जबरदस्त बारिश

इस खबर को शेयर करें

लुधियाना। आज सुबह गर्मी का प्रकोप कल की तुलना में कम है। मौसम में इस बदलाव के पीछे कारण हिमालय रीजन में एक अलग तरह का वेदर सिस्टम बनना है। मौसम विभाग ने कहा है कि, पंजाब में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलेगी। विभाग के अनुसार, आज यानी कि शुक्रवार शाम से सूबे में मौसम बदलने जा रहा है। इस दौरान कई जिलों में धूल भरी हवा चलेगी, बादल छाएंगे और एक-दो जगह बारिश के भी आसार हैं।

मौसम विभाग की ओर से पंजाब में 23 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब स्टेट वेदर सेंटर से बताया गया कि, कल-परसों 40-50 किलाेमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेंगी। जबकि, भारी बारिश का अलर्ट भी 23 मई के लिए जारी हुआ है। इससे पहले कल सभी जिलों में लू ने लोगों का बुरा हाल किया। अधिकतम पारा सामान्य के मुकाबले 4 से 5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान फिरोजपुर 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।

गर्मी में नहीं आई बिजली, किसानों ने रोष जताया
फिरोजपुर के गांव गिलजेवाला में बिजली सप्लाई पूरी न मिलने के कारण किसान आक्रोशित हो गए। उन्होंने बिजली ग्रिड पर धरना देते हुए सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि, सरकार ने खेती के लिए केवल 4 घंटे बिजली सप्लाई देने का ऐलान किया, जो बहुत कम है। किसानों का कहना है कि, विभाग ने खेती के लिए चार घंटे भी निर्विघ्न बिजली सप्लाई न दी तो वह सीधी बिजाई नहीं कर सकेंगे। पानी की मोटर चलते रहनी चाहिए, इससे गर्मी से भी राहत मिलेगी।