आज तक मार्च में कभी नहीं पड़ी इतनी गर्मी, हिमाचल प्रदेश में तापमान ने तोड़े सारे रेकॉर्ड

इस खबर को शेयर करें

शिमला: लोग गर्मी से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश जाते हैं। शिमला, कुल्लू समेत हिमाचल प्रदेश के कई हिल स्टेशन लोगों को गर्मी से राहत देते हैं लेकिन इस बार मार्च महीने में यहां भी गर्मी के सारे रेकॉर्ड टूट गए हैं।

​कई हिस्से लू की चपेट में
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्से पिछले कुछ दिनों से लू की चपेट में हैं। न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री बहुत ज्यादा दर्ज किया गया है। मार्च के महीने में, धर्मशाला में 29 मार्च, 2010 को अब तक का सबसे अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। पहाड़ी शहर में अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान था लेकिन इस बार 29 मार्च को 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा और 30 मार्च को यह 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

​मार्च में ही पसीना-पसीना हो रहे लोग
इस साल मार्च में अधिकतम तापमान असामान्य रूप से बहुत ज्यादा है। कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और सोलन जिलों के स्टेशनों पर गर्मी के पिछले सारे रेकॉर्ड टूट गए हैं। मार्च में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है।

मार्च में कम बारिश भी
मार्च के दौरान पांच कमजोर पश्चिमी विक्षोभ ने हिमाचल को प्रभावित किया, लेकिन केवल दो सक्रिय थे जिससे मार्च 2-5 और मार्च 20-21 में बारिश हुई। इस महीने राज्य में -95% कम बारिश हुई। मनाली में 17 मार्च 2004 और 21 मार्च 1974 को अब तक का सबसे अधिक 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। यह रिकॉर्ड इस साल 17 और 22 मार्च को टूट गया, इस बार अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बर्फीले लाहौल-स्पीति जिले के केलांग शहर में 31 मार्च, 2018 को अब तक का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस साल 30 मार्च को अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।