पाला बदलेंगी पंकजा? BJP में आ सकता है भूचाल, स्वागत को तैयार कांग्रेस

Will Pankaja change sides? Earthquake may come in BJP, Congress ready to welcome
Will Pankaja change sides? Earthquake may come in BJP, Congress ready to welcome
इस खबर को शेयर करें

मुंबई: महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान अभी और बढ़ सकता है। शिवसेना के बाद एनसीपी में हुई बगावत के बीच अगला नंबर सत्ताधारी भाजपा का हो सकता है। ऐसी अटकलें हैं कि महाराष्ट्र में बीजेपी का तेजतर्रार चेहरा और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे भगवा खेमे से बाहर निकलने की योजना बना रही हैं। कई रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि पंकजा मुंडे ने दिल्ली आकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की है। पंकजा गोपीनाथ मुंडे की बेटी हैं जो नब्बे के दशक की शुरुआत में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री थे। पिछली देवेंद्र फडणवीस सरकार में, पंकजा मुंडे महाराष्ट्र की ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री थीं।

पंकजा मुंडे के असंतोष की चर्चाएं

खबर है कि पंकजा मुंडे दो बार दिल्ली का दौरा कर चुकी हैं। पंकजा मुंडे की पार्टी में संभावित एंट्री को लेकर दोनों कांग्रेस नेताओं से चर्चा हुई है। इसके अलावा, सूत्रों से पता चला है कि सांगली में एक प्रमुख नेता पंकजा मुंडे की पैरवी में सक्रिय रूप से शामिल हैं। हाल के दिनों में पंकजा मुंडे के असंतोष की चर्चाएं चल रही हैं। यह सर्वविदित है कि पंकजा मुंडे और उनके चचेरे भाई धनंजय मुंडे के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता है। धनंजय मुंडे पहले ही मंत्री पद की शपथ ले चुके हैं, जबकि पंकजा मुंडे फिलहाल महासचिव के पद पर हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि पंकजा मुंडे कांग्रेस पार्टी के साथ विकल्पों पर विचार कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक इस मामले को लेकर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी है।

हम पंकजा मुंडे का स्वागत करते हैं- कांग्रेस

इस बीच कांग्रेस पार्टी पंजका मुंडे के स्वागत को तैयार है। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले से लेकर अशोक च्वहाण तक, सभी पंकजा मुंडे को लेकर बयान दे चुके हैं। नाना पटोले ने कहा था कि अगर पंकजा मुंडे की टॉप लीडरशिप (सोनिया गांधी) से दिल्ली में मुलाकात हुई है, तो यह अच्छी बात है। हम पंकजा मुंडे का स्वागत करते हैं। पटोले ने कहा कि पंकजा मुंडे अगर कांग्रेस में आती हैं तो पूरे महाराष्ट्र के हमारे कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता उनका स्वागत करेंगे। पटोले के अलावा, कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने कहा कि पंकजा मुंडे के बारे में जो भी बातें आ रही हैं उनका मुझे पता नहीं, मैं जानकारी लेकर बताऊंगा।

अगर पंकजा मुंडे पाला बदलती हैं तो आगामी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को बड़ा झटका लग सकता है। पंकजा मुंडे ओबीसी के तहत आने वाली ‘वंजारी’ जाति से आती हैं। इसका विदर्भ, मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र जैसे स्थानों पर बड़ा प्रभाव है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले पंकजा मुंडे के लिए कांग्रेस पार्टी में उनका स्वागत करते हुए पहले ही रेड कार्पेट बिछा दिया गया है।

चचेरी भाई से हारीं चनाव, भाजपा ने नहीं दिया भाव?

पंकजा पूर्व उप मुख्यमंत्री मुंडे की बेटी और दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन की भांजी हैं। पंकजा 2014-19 के बीच देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व वाली भाजपा-शिवसेना सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री थीं, हालांकि, 2019 में, वह अपने ही चचेरे भाई एनसीपी के धनंजय मुंडे के खिलाफ परली की पारिवारिक सीट से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव हार गईं। बाद में उन्हें न तो महाराष्ट्र विधान परिषद और न ही राज्यसभा में जगह दी गई। पंकजा की बहन डॉ. प्रीतम मुंडे बीड से बीजेपी सांसद हैं।

जून 2022 में जब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना-भाजपा सरकार सत्ता में आई तो उन्हें मंत्री पद की पेशकश भी नहीं की गई। कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट ने पंकजा को कांग्रेस में शामिल होने की खुली पेशकश की थी। पूर्व राजस्व मंत्री थोराट ने कहा था, “पंकजा दिवंगत भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे साहब की बेटी हैं, जिनके पार्टी लाइन से ऊपर उठकर सभी के साथ बहुत अच्छे संबंध थे। उन्होंने महाराष्ट्र में भाजपा के विकास में योगदान दिया। यह दुखद है कि उन्हें (पंकजा को) दरकिनार किया जा रहा है।”