पंजाब में एक घर से उठी 3 अर्थियां: किसान बेटे का शव देख मां ने तोड़ा दम, दोनों की मौत की खबर बेटी भी नहीं सह पाई

इस खबर को शेयर करें

जलालाबाद : एक घर में तीन लोगों की अर्थियां उठने से कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। जिसने भी इस खबर को सुना वह सन्न रह गया। 55 वर्षीय बेटे की करंट लगने से मौत हुई तो बुजुर्ग मां यह सदमा नहीं झेल पाई। कुछ ही पलों में उसने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। घर में जैसे ही पिता और दादी की मौत की खबर पहुंची वैसे ही 15 साल की बेटी की तबीयत भी बिगड़ गई। कुछ ही क्षणों में उसने भी दम तोड़ दिया। एक साथ तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया। मामला पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव तारे वाला का है।

शुक्रवार सुबह 55 वर्षीय बेटा नहाने के लिए टुल्लू पंप चलाने लगा तो करंट से उसकी मौत हो गई। बेटे को मृत देख बुजुर्ग मां ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की मौत के बाद मृतक किसान की 15 साल की बेटी ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के मुताबिक गांव तारे वाला निवासी मंगत सिंह उर्फ मंगू पुत्र जगतार सिंह जब अपने घर में लगे टुल्लू पंप को चलाकर नहाने लगा तो उसे करंट का झटका लगा। परिवार के सदस्य उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जैसे ही मंगत का शव लेकर घर पहुंचे तो बुजुर्ग मां हरो बाई देखते ही बेहोश हो गई। उसकी बिगड़ती तबीयत देख उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पिता और दादी की मौत का सदमा लखविंदर कौर (15) नहीं सह सकी। दोनों को मृत देख उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो उसने भी दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि लखविंदर कौर की मां की दो साल पहले ही मौत हुई थी। तीनों का गांव के श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया। दुख भरी खबर सुनकर विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी पीड़ित परिवार से दुख साझा करने पहुंचे। घर में मंगत का एक बेटा व एक बेटी बचे हैं।