घर में सिलेंडर ब्लास्ट, शादी के गहने-कैश जलकर राख: दुल्हन सहित परिवार के 6 लोग…

Cylinder blast in house, wedding jewelry-cash burnt to ashes: 6 family members including bride...
Cylinder blast in house, wedding jewelry-cash burnt to ashes: 6 family members including bride...
इस खबर को शेयर करें

बाड़मेर। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, मंगल गीत गाए जा रहे थे। तभी एक-एक करके तीन एलजीपी सिलेंडरों में विस्फोट हुआ। हड़कंप मच गया। जैसे-तैसे लोग अपनी-अपनी जान बचाकर भागे। बावजूद इसके 6 लोग झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि चाय बन रही थी। तभी गैस लीक होने से आग लगी और देखते ही देखते पूरे घर को लपटों ने आगोश में ले लिया। घर में रखे 4 लाख कैश-गहने तक जल गए। आसपास के तीन और घरों को भी आग ने चपेट में ले लिया। घटना बाड़मेर की है।

चाय बनाते समय सिलेंडर लीक
जानकारी के अनुसार, साइयों का तला नेतराड़ गांव के रहने वाले बाबूलाल पुत्र जेठाराम की बेटियों मली (18) और मांगी (22) की 13 मई को शादी है। मंगलवार को शादी के प्रोग्राम शुरू हो गए थे। बुधवार को दोपहर के समय में महिलाओं का संगीत प्रोग्राम चल रहा था। छोटे-छोटे बच्चे झोपड़ों में सो रहे थे। करीब 3 बजे घर पर आए मेहमानों के लिए पीछे छपरें के नीचे चाय बन रही थी। इसी दौरान सिलेंडर से गैस लीक होने लगी और अचानक आग लग गई।

आग देखकर घर में मौजूद महिलाओं ने सो रहे बच्चों को गोद में उठाया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचीं। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग जुट गए। पास में बने कुएं से पाइप लाकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग बढ़ती गई।

कुछ ही मिनटों में घर में बने झोपड़ों में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। घर के अंदर रखा शादी का सामान, सोने-चांदी के आभूषण और करीब चार लाख रुपए कैश जलकर राख हो गए। लोग अपनी जान बचाकर जैसे-तैसे निकल पाए।

पुलिस पहुंची
चौहटन थाने के एएसआई नेनाराम ने बताया- शादी के घर में गैस रिसाव होने से आग लग गई। दूसरे कमरे में रखे दो सिलेंडर भी आग की वजह से फट गए। आगजनी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया है। धमाकों की आवाज से चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई। चारों को चौहटन हॉस्पिटल लेकर गए। वहां पर इलाज चल रहा है।

परिवार के आधा दर्जन लोग हुए घायल

गैस सिलेंडर फटने के धमाकों की आवाज से दुल्हन मगी, भाई धुड़ाराम (21), गणेश प्रकाश (19) भाभी कमला (22) मां गेहरोदेवी 40 और बहन सोनी (24) घायल हो गए। फिर घर के बाहर आकर बेहोश हो गए।

फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही सबकुछ राख

चौहटन उपखंड मुख्यालय पर फायर बिग्रेड नहीं होने से बाड़मेर जिला मुख्यालय से बुलाई गई। बाड़मेर से घटनास्थल की दूरी करीब 80 किलोमीटर है। मौके पर पहुंचने से पहले ही पूरा घर राख हो गया। आसपास के लोगों ने कुएं से पाइप लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बुझा नहीं पाए।