हरियाणा के 12 जिलों में 2 दिन कोहरे का अलर्ट: महेंद्रगढ़ सबसे ज्यादा ठंडा, अभी और गिरेगा तापमान

Fog alert for 2 days in 12 districts of Haryana: Mahendragarh is the coldest, temperature will fall further
Fog alert for 2 days in 12 districts of Haryana: Mahendragarh is the coldest, temperature will fall further
इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़: चक्रवात के कारण एक बार फिर से देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज अचानक से बदल गया है. वहीं, इन दिनों पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है. दरअसल इन दिनों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बर्फबारी होने से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाएं चलने लगी हैं. इसके साथ ही इन राज्यों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है.

हरियाणा में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग की ओर से उत्तर हरियाणा चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है. इसके अलावा दक्षिण व दक्षिण पूर्व हरियाणा के जिले जैसे महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, पानीपत और सोनीपत में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम व दक्षिण पश्चिम हरियाणा के जिलों जैसे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में मौसम सामान्य रहने की संभावना है.

हरियाणा में किस जिले में सबसे अधिक ठंड: मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार 7 दिसंबर को हरियाणा के महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया. महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया. इसके अलावा हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया. हिसार में 7.5 डिग्री और रेवाड़ी के बावल में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.9 और अंबाला में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया.