हिमाचल में टूटा मार्च में गर्मी का रिकार्ड, लू चलने के हैं चार कारण

इस खबर को शेयर करें

शिमला/धर्मशाला। HP Heat Wave Alert, राजस्थान से चली गर्म हवाओं, सूर्य की सीधी पड़ती किरणों, पहाड़ों की निकटता और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ ने हिमाचल में लू पैदा की है। मौसम विभाग ने आज 30 मार्च को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में गर्म हवाएं व लू चलने की चेतावनी जारी की है। इससे तापमान में वृद्धि होगी। मौसम विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर मार्च 2018 में भी सूखे की स्थिति के कारण लू की नौबत आई थी और इससे पूर्व के वर्षों में मार्च में बारिश न होने से ऐसे हालात देखने को मिले।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी सात दिनों तक मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। ऊना जिला में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को ऊना में मार्च में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया। ऊना जिले में दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं।

शिमला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है जबकि डलहौजी का सामान्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। शिमला व डलहौजी अन्य स्थानों से ज्यादा गर्म सुबह और शाम दर्ज किए जा रहे हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य से सात से 10 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। धर्मशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से दस डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है।

धर्मशाला का 22 वर्षों का रिकार्ड टूटा
धर्मशाला का मार्च का 22 वर्षों का सबसे अधिक तापमान का रिकार्ड टूट गया है। मंगलवार को धर्मशाला में सबसे अधिक मौसम विभाग के पास वर्ष 2000 से उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर धर्मशाला में 16 मार्च 2022 को अब तक का सबसे ज्‍यादा 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इससे पूर्व 29 मार्च, 2010 को सबसे अधिक तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला में अब तक मार्च में सबसे अधिक तापमान 27 मार्च, 2004 को 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

क्‍या कहते हैं विशेषज्ञ
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है राजस्थान से चल रही गर्म हवाओं के कारण हिमाचल में लू की नौबत आई है। इसके अलावा मार्च में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहा है और वर्षा न होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। पहले भी मार्च में ऐसी गर्मी इन हालात के कारण महसूस होती रही है।

शहर, न्यूनतम, अधिकतम
शिमला, 16.1, 26.0
सुंदरनगर, 11.1, 35.0
भुंतर, 9.6, 32.5
कल्पा, 5.7, 22.9
धर्मशाला, 18.4, 33.2
ऊना, 14.6, 38.4
नाहन, 20.1, 31.4
केलंग, 2.0, 17.0
सोलन, 11.4, 32.5
मनाली, 8.6, 25.6