हिमाचल में कांग्रेस ने 47 सीटों पर लगभग तय किए नाम, 21 में फंसा है पेंच

In Himachal, Congress has almost fixed names on 47 seats, screw is trapped in 21
In Himachal, Congress has almost fixed names on 47 seats, screw is trapped in 21
इस खबर को शेयर करें

शिमला। Himachal Congress Candidates, हिमाचल में विधानसभा चुनाव के लिए 47 सीटों पर कांग्रेस ने टिकट लगभग तय कर दिए हैं। बुधवार दोपहर तीन बजे से दीपा दासमुंशी की अध्यक्षता में दिल्ली में हुई कांग्रेस चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक सात घंटे तक चली। इसमें नामों पर मुहर लगाकर एक नाम केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) को भेजने का निर्णय लिया है। 47 नामों में विधायक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व पूर्व अध्यक्ष विधायक कौल सिंह ठाकुर व कुलदीप कुमार के नाम भी शामिल हैं। टिकट पर अंतिम मुहर पार्टी हाईकमान लगाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुप्त सर्वे भी करवाया है। इसके आधार पर अंतिम समय में भी कुछ सीटों पर टिकट बदले जा सकते हैं। 21 सीटों पर नाम तय करने के लिए दोबारा बैठक बुलाई जाएगी।

सूत्रों की मानें तो जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर, रोहड़ू से मोहन लाल ब्राक्टा, रामपुर से नंदलाल, कसुम्पटी से अनिरुद्ध सिंह, शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह, पालमपुर से आशीष बुटेल, फतेहपुर से भवानी सिंह पठानिया, धर्मशाला से सुधीर शर्मा का नाम लगभग तय है। नगरोटा बगवां से रघुवीर सिंह बाली, घुमारवीं से राजेश धर्माणी, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, अर्की से संजय अवस्थी, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, रेणुका जी से विनय कुमार व नादौन से सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम तय है। सुजानपुर से राजेंद्र राणा, डलहौजी से आशा कुमारी, सोलन से धनीराम शांडिल, शिलाई से हर्षवर्धन चौहान, श्रीनयना देवी से रामलाल ठाकुर, हरोली से मुकेश अग्निहोत्री व ऊना से सतपाल रायजादा का नाम भी इसमें शामिल है। गगरेट से राकेश कालिया, पांवटा साहिब से किरनेश जंग, चिंतपूर्णी से कुलदीप कुमार, भटियात से कुलदीप पठानिया, भरमौर से ठाकुर सिंह भरमौरी, कसौली से विनोद सुल्तानपुरी, जवाली से चंद्र कुमार, द्रंग से कौल सिंह ठाकुर, सराज से चेतराम, लाहुल स्पीति से रवि ठाकुर व कांगड़ा से सुरेंद्र काकू को टिकट मिल सकता है।

बताया जा रहा है कि निर्विवाद सीटों पर कांग्रेस 26 सितंबर के बाद कभी भी टिकटों की पहली सूची जारी कर सकती है। दूसरी सूची चुनाव की घोषणा के आसपास हो सकती है।स्क्रीनिंग कमेटी की प्रमुख दीपा दासमुंशी हैं। उमंग सिंघार व धीरज गुर्जर समिति में सदस्य बनाए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ल, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू व सह प्रभारी समिति के पदेन सदस्य हैं, जो दिल्ली में टिकटों पर मंथन कर रहे हैं। ठियोग व शिमला शहरी सीट पर अभी सहमति नहीं बनी है। सिंगल नाम भेजने का प्रस्ताव स्क्रीनिंग कमेटी को भेजा है लेकिन बैठक में इस पर सहमति नहीं बनी। जिन सीटों पर सहमति नहीं बनेगी, उन पर पार्टी वीरवार को चर्चा की जा सकती है।

700 से ज्यादा आवेदन मिले
पार्टी को 68 सीटों के लिए 700 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पैनल तैयार किया है। कई चुनाव क्षेत्र ऐसे है, जहां से पांच से सात दावेदारों के नाम स्क्रीनिंग कमेटी को भेजे गए हैं।