नौकरी ठुकराकर फिल्मों में करियर बनाने निकल पड़े थे विक्की कौशल, पर्दे पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ कर

इस खबर को शेयर करें

मुंबई: विक्की कौशल 16 मई को 33 साल के हो गए हैं। कम समय में ही वो बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे। पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखने वाले विक्की के पिता शाम कौशल जाने-माने एक्शन डायरेक्टर हैं।

जॉब नहीं करना चाहते थे
विक्की कौशल आज हिंदी फिल्मों का बड़ा नाम बन चुके हैं लेकिन एक वक्त ऐसा था जब उनके पिता चाहते थे कि वो इंजीनियरिंग की पढ़ाई खत्म कर नौकरी करें। वो मुंबई के राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पढ़ाई कर रहे थे तभी एक बार एक आईटी कंपनी में इंडस्ट्रियल दौरे पर गए। वहां पहुंचकर विक्की को एहसास हुआ कि वो ऑफिस जॉब के लिए नहीं बने हैं। इंजीनियरिंग की नौकरी ठुकराने के बाद उन्होंने फिल्मों में करियर बनाने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने किशोर नामित कपूर एकेडमी में एडमिशन लिया।

अनुराग कश्यप को किया असिस्ट
अभिनेता बनने से पहले विक्की कौशल ने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में काम किया। विक्की निर्देशक अनुराग कश्यप को अपना मेंटॉर मानते हैं। इसके साथ उन्होंने थियेटर करना शुरू किया। अनुराग कश्यप के प्रोडक्शन की फिल्म ‘लव शव ते चिकन खुराना’ और ‘बॉम्बे वेलवेट’ में विक्की कौशल छोटे से रोल में दिखे थे।

2015 में आई थी पहली फिल्म
मुख्य अभिनेता के रूप में विक्की कौशल की पहली फिल्म साल 2015 में आई ‘मसान’ थी। इसे नीरज घेवन ने निर्देशत किया। मसान को समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों ने भी पसंद किया। इसके बाद उन्होंने ‘लव पर स्कवॉयर फुट’, ‘राजी’, ‘संजू’ और ‘मनमर्जियां’ कीं।

आने वाली फिल्में
साल 2019 में आई ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ विक्की कौशल के करियर की बड़ी हिट साबित हुई। फिल्म 2016 उरी हमले पर बनी थी। फिल्म को आदित्य धार ने निर्देशित किया। इसके लिए विक्की कौशल को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। विक्की कौशल की आने वाली फिल्में ‘सरदार उधम सिंह’ है। इसके अलावा वो ‘अश्वत्थामा’ और ‘सैम बहादुर’ में भी दिखेंगे।