बिहार में आज और कल आंधी के साथ बारिश का अलर्ट, चिलचिलाती गर्मी से राहत के आसार

इस खबर को शेयर करें

पटना : तपती गर्मी से उत्तर भारत (Bihar Weather Update) के ज्यादातर राज्य बुरी तरह से प्रभावित हैं। वहीं बिहार के लोगों को अगले दो दिन प्रचंड गर्मी और लू से कुछ राहत के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सूबे के 30 से ज्यादा जिलों में आंधी के साथ बारिश (Rain Alert in Bihar) की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बादल छाने की वजह से चिलचिलाती धूप से आम लोगों को राहत मिलेगी। गया, औरंगाबाद, बांका, जमुई, कैमूर, नवादा और रोहतास में प्रचंड गर्मी का असर नजर आएगा। वहीं बाकी जिलों में लोगों को मौसम के बदले मिजाज से थोड़ी राहत मिलेगी।

अधिकतम तापमान की बात करें तो शुक्रवार को सबसे गर्म औरंगाबाद रहा, जहां पारा 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। गया में तापमान 44.1, नवादा में 40.8, रोहतास में 43.8, बक्सर में 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रहा, बेगूसराय में 36.6, सहरसा में 35.5, मुजफ्फरपुर में 35, नालंदा में 38.3 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को राज्य के छह जिलों में पारा 40 या उससे पार दर्ज किया गया।

31 जिलों में बारिश का अलर्ट
वहीं मौसम विभाग ने 30 अप्रैल और एक मई को सूबे के ज्यादातर जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गया, औरंगाबाद, बांका, जमुई, कैमूर, नवादा और रोहतास में लोगों को इस दौरान तपती गर्मी से राहत के आसार कम है। वहीं अन्य 31 जिलों में आंधी-पानी की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। इन जिलों में आंधी की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। ऐसे में मौसम बदलने पर लोगों को खास सावधानी बरतने की बात भी विभाग की ओर से कही गई है।

मौसम विभाग ने क्या कहा
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सूबे के ज्यादातर जिलों में रविवार तक तेज धूप से राहत के आसार हैं। आंधी के साथ गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। इसके चलते अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट की संभावना है। शुक्रवार से सोमवार तक उत्तर बिहार के कई जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के भी आसार हैं।